BCCI vs PCB: BCCI तब तक कुछ नहीं कहेगा जब तक... पाकिस्तान के बॉयकॉट पर राजीव शुक्ला ने कर दिया सब साफ
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर बोर्ड का रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में आईसीसी से बातचीत के बाद ही हम कुछ कहेंगे।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने पाकिस्तान के बहिष्कार मामले में बड़ी बात कही है।
BCCI vs PCB: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के पाकिस्तान के फैसले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के रुख का समर्थन किया। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ कहा कि बोर्ड खेल भावना को लेकर आईसीसी की बात से पूरी तरह सहमत है और इस मुद्दे पर कोई भी कमेंट आईसीसी से बात करने के बाद ही करेगा।
राजीव शुक्ला ने कहा, 'आईसीसी ने इस मामले में बड़ा और साफ बयान दिया। उन्होंने खेल भावना की बात की है और हम उससे पूरी तरह सहमत हैं। आईसीसी से चर्चा के बाद ही बीसीसीआई कोई प्रतिक्रिया देगा।' उनका यह बयान उस फैसले के बाद आया है, जिसमें पाकिस्तान सरकार ने 15 फरवरी 2026 को होने वाले भारत-पाकिस्तान ग्रुप मैच में अपनी टीम के मैदान पर न उतरने का ऐलान किया।
आईसीसी से बात करने के बाद कमेंट करेंगे: शुक्ला
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि पाकिस्तान टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की अनुमति दी गई है लेकिन भारत के खिलाफ तय मुकाबले में टीम हिस्सा नहीं लेगी। सरकार की ओर से इस फैसले के पीछे कोई ठोस वजह भी नहीं बताई गई।
इस फैसले के कुछ ही घंटों बाद आईसीसी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि चुनिंदा भागीदारी किसी भी वैश्विक टूर्नामेंट की बुनियादी सोच के खिलाफ है। आईसीसी ने अपने बयान में कहा कि सभी क्वालिफाइड टीमों से तय कार्यक्रम के मुताबिक बराबरी के स्तर पर खेलने की उम्मीद की जाती है। चयनित मैच न खेलना टूर्नामेंट की खेल भावना और निष्पक्षता को नुकसान पहुंचाता है।
आईसीसी ने यह भी साफ किया कि वह सरकारों की भूमिका का सम्मान करता है, लेकिन यह फैसला न तो वैश्विक क्रिकेट के हित में है और न ही पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस के लिए अच्छा है। आईसीसी ने पीसीबी से कहा है कि वह सभी हितधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए किसी आपसी समाधान की दिशा में काम करे।
भारत की टीम इस समय शानदार फॉर्म में है। हाल ही में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को पांच मैचों की टी20 सीरीज में 4-1 से हराया है। वहीं, टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का रिकॉर्ड भी पाकिस्तान के पक्ष में नहीं रहा है। दोनों टीमें अब तक आठ बार भिड़ी हैं, जिनमें से सात मुकाबले भारत ने जीते हैं।
गौर करने वाली बात यह भी है कि आईसीसी पहले ही बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर चुका है, जब उसने तय कार्यक्रम के तहत भारत में खेलने से इनकार कर दिया था। उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। ऐसे में पाकिस्तान के फैसले पर भी आईसीसी की नजरें टिकी हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। भारत अपना पहला मैच 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ खेलेगा, जबकि 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मैच तय है, जिस पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं।