T20 World cup: ऑस्ट्रेलिया को लगा झटका, खूंखार गेंदबाज शुरुआती मैचों से बाहर रह सकता
T20 World cup 2026: जोश हेज़लवुड एड़ी की चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते हैं। सीन एबॉट को ट्रैवलिंग रिजर्व के रूप में टीम में जोड़ा गया।
ऑस्ट्रेलिया को टी20 विश्व कप से पहले झटका लगा।
T20 World cup 2026: ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप से पहले तेज गेंदबाजी विभाग में चिंता सताने लगी है। तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड एड़ी की चोट से उबर रहे और वर्ल्ड कप के शुरुआती चरण से बाहर रह सकते। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साफ किया है कि हेज़लवुड फिलहाल सिडनी में ही रहकर रिहैब करेंगे। उनकी गैरमौजूदगी को देखते हुए सीन एबॉट को टीम के साथ ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर जोड़ा गया।
टीम प्रबंधन के मुताबिक, हेज़लवुड का सिडनी में रहना उनके लिए ज्यादा व्यावहारिक और फायदेमंद है। चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने कहा कि परिचित माहौल में रिहैब से उनकी वापसी बेहतर तरीके से हो सकेगी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि हेज़लवुड कब तक श्रीलंका पहुंचेंगे।
हेजलवुड शुरुआती मैचों में नहीं खेलेंगे
ऑस्ट्रेलिया की टीम इस समय श्रीलंका में है, जहां उसे टूर्नामेंट से पहले नीदरलैंड्स के खिलाफ गुरुवार को वॉर्म-अप मैच खेलना। टीम अपना पहला मुकाबला 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ खेलेगी। इस बीच ग्लेन मैक्सवेल, नाथन एलिस और टिम डेविड मंगलवार को कोलंबो पहुंचकर स्क्वॉड से जुड़ेंगे। ये तीनों पाकिस्तान दौरे में शामिल नहीं थे।
हेज़लवुड ने पिछले महीने ईएसपीएन से बातचीत में उम्मीद जताई थी कि वह वर्ल्ड कप की शुरुआत तक फिट हो जाएंगे। हालांकि, एशेज के दौरान उन्हें पहले हैमस्ट्रिंग की चोट लगी और रिहैब के दौरान एड़ी की समस्या भी सामने आ गई, जिससे उनकी वापसी टल गई।
कमिंस भी टी20 विश्व कप से बाहर हो चुके
ऑस्ट्रेलिया की परेशानियां यहीं खत्म नहीं होतीं। कप्तान पैट कमिंस पहले ही पीठ की चोट से पूरी तरह उबर न पाने के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह बेन ड्वारशुइस को अंतिम 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। वहीं, मैथ्यू शॉर्ट को शुरुआती स्क्वॉड से बाहर कर मैट रेनशॉ को मौका दिया गया।
टीम के अन्य खिलाड़ियों की फिटनेस भी चिंता का विषय है। नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग समस्या के कारण बिग बैश लीग के फाइनल नहीं खेल पाए थे। टिम डेविड ने 26 दिसंबर के बाद से कोई मैच नहीं खेला है, ये 8 महीनों में उनकी दूसरी हैमिस्ट्रिंग चोट है। ग्लेन मैक्सवेल को पाकिस्तान दौरे से आराम दिया गया था क्योंकि उनकी पहले टूटी एड़ी की निगरानी की जा रही है।
इसके अलावा, लेग स्पिनर एडम ज़ाम्पा ने पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज़ के आखिरी मैच में सिर्फ दो ओवर डाले और बल्लेबाज़ी नहीं की। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसे एहतियाती कदम बताया और कहा कि यह गंभीर चिंता की बात नहीं है। कुल मिलाकर, वर्ल्ड कप से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम फिटनेस चुनौतियों से जूझ रही है और हेज़लवुड की देर से वापसी से शुरुआती मुकाबलों में संयोजन पर असर पड़ सकता है।
Australia squad for T20 World Cup 2026: मिशेल मार्श (कप्तान), ज़ेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरून ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैट कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा, सीन एबॉट (ट्रैवलिंग रिज़र्व)।