IND vs NZ Test: क्या ध्रुव जुरेल तीसरी पारी में बैटिंग कर पाएंगे? ऋषभ पंत की चोट ने बढ़ाई चिंता, जानिए क्या कहता है नियम

IND vs NZ Test: ऋषभ पंत बैंगलुरू टेस्ट के तीसरे दिन विकेटकीपिंग के लिए नहीं उतरे थे। उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली थी। अब सवाल ये है कि क्या पंत के स्थान पर विकेटकीपिंग करने वाले जुरेल तीसरी पारी में बैटिंग कर सकते हैं। आइए जानते हैं क्या है नियम।

Updated On 2024-10-19 10:16:00 IST
Rishabh pant dhruv jurel ind vs nz test

Rishabh Pant Injury: न्यूजीलैंड के खिलाफ बैंगलुरू टेस्ट में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल हो गए। दूसरे दिन विकेटकीपिंग करते समय उनके घुटने पर चोट लग गई, जिस पैर की सर्जरी सड़क दुर्घटना के बाद हुई थी और एहतियातन उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। पंत के दाहिने घुटने पर चोट लगी, जिसके कारण उन्हें 37वें ओवर के दौरान मैदान से बाहर जाना पड़ा। रवींद्र जडेजा की एक गेंद टर्न हुई, थोड़ी नीचे रही और पंत के उस पैर पर लगी, जहां पहले ही उनकी सर्जरी हुई थी। इसके बाद पंत के स्थान पर ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग के लिए उतरे। 

पंत बैंगलुरू टेस्ट के तीसरे दिन भी विकेटकीपिंग के लिए नहीं उतरे हैं और उनके स्थान पर जुरेल ही ये जिम्मेदारी संभाल रहे। इसके बाद ये सवाल आता है कि क्या पंत के स्थान पर विकेटकीपिंग कर रहे जुरेल उनकी जगह तीसरी पारी में बैटिंग कर सकते हैं। इसे लेकर आईसीसी  नियम क्या कहता है। आइए आपको बताते हैं। 

2018 के दौरान टेस्ट क्रिकेट के नियमों में बड़ा बदलाव हुआ। नए नियम के अनुसार, अगर टेस्ट मैच के दौरान कोई विकेटकीपर चोटिल हो जाता है, तो अंपायर उसकी चोट को देखते हुए किसी अन्य खिलाड़ी को मैदान पर आने की अनुमति देता है। इसी नियम की वजह से पंत की जगह ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लेकिन विकल्प खिलाड़ी कप्तान और गेंदबाज की भूमिका नहीं निभा सकता। वह सिर्फ विकेटकीपर की भूमिका ही निभा सकता है। इसकी वजह से अगर पंत भारत की दूसरी पारी तक फिट नहीं होते हैं, तो ध्रुव जुरेल उनकी जगह बल्लेबाजी नहीं कर सकते।

रोहित ने पंत की चोट पर दिया अपडेट
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने खुलासा किया कि उन्हें (पंत) उसी पैर में चोट लगी है जिस पर उनकी सर्जरी हुई थी। रोहित ने कहा, "हाँ, दुर्भाग्य से, गेंद सीधे उनके घुटने पर लगी। उसी पैर पर जिस पर उनकी सर्जरी हुई है। इसलिए उस पर थोड़ी सूजन आ गई है।इस समय मांसपेशियाँ कोमल हैं। इसलिए यह एक एहतियाती उपाय है। आप जानते हैं, वह उस विशेष पैर पर एक बड़ी सर्जरी से गुज़रा है। इसलिए उसे अंदर जाने का कारण था। उम्मीद है कि वह ठीक हो जाएगा।"

Similar News