Hong Kong Sixes: 6 गेंद में थी 32 रन की दरकार, भारतीय बैटर ने कूटे 30 रन, फिर भी 1 रन से हारी टीम इंडिया

Hong Kong Sixes 2024: रॉबिन उथप्पा की अगुआई वाली भारतीय टीम को हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। भारत को आखिरी 6 गेंद में 32 रन चाहिए थे। स्टुअर्ट बिन्नी ने 4 छक्के और एक चौका भी उड़ाया फिर भी भारत 1 रन से मैच हारा।

Updated On 2024-11-02 14:50:00 IST
India vs UAE Hong Kong sixes 2024

Hong Kong Sixes 2024: हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत का दूसरा मुकाबला यूएई से हुआ। हालांकि, भारतीय टीम ये मुकाबला आखिरी ओवर में 1 रन से हार गई। भारत को 6 गेंद में 32 रन की दरकार थी और स्ट्राइक पर ऑलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी थे। उन्होंने पहली गेंद पर चौका मारा। दूसरी गेंद वाइड रही और इसके बाद उन्होंने लगातार चार छक्के मारे। इसके बाद भारत को 1 गेंद पर 3 रन चाहिए थे। लेकिन आखिरी गेंद पर दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए। 

स्टुअर्ट बिन्नी ने 11 गेंद में 44 रन कूटे। इससे पहले, भारत पहले दिन पाकिस्तान से हार गया था। भारत को क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए यूएई के खिलाफ जीत जरूरी थी। लेकिन, रॉबिन उथप्पा की अगुआई वाली भारतीय टीम 1 रन से मैच हार गई। इस मैच में उथप्पा ने भी 10 गेंद में 43 रन ठोके थे। 

इससे पहले, यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 5 विकेट पर 130 रन बनाए थे। यूएई की तरफ से खालिद शाहने 10 गेंद में 42 और जहूर खान ने 11 गेंद में नाबाद 37 रन जोड़े थे। इसके बाद बाउल मैच 2 में भारत की टक्कर इंग्लैंड से हुई। पहले बल्लेबाजी करते हुए रवि बोपारा और समित पटेल ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। बोपारा ने रॉबिन उथप्पा के एक ओवर में 6 छक्के लगाए। उन्होंने उस ओवर में कुल 37 रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों ने रिटायर होने से पहले अर्धशतक बनाए और इंग्लैंड ने 6 ओवर में 120/1 का स्कोर बनाया।

इसके बाद रवि बोपारा ने अपनी गेंदबाजी से भारत पर दबदबा बनाया और एक ही ओवर में दो विकेट चटकाए, जिसमें रॉबिन उथप्पा का पहली गेंद पर शून्य पर आउट होना भी शामिल था। भारत 3 विकेट पर 105 रन बना सका और 15 रन से मुकाबला हार गया। 

Similar News