IND vs NZ: रोहित शर्मा घर में ही कप्तानी में फेल, 55 साल बाद टीम इंडिया का हुआ ऐसा हाल

IND vs NZ: भारत को न्यूजीलैंड के हाथों 3 टेस्ट की सीरीज 3-0 से गंवानी पड़ी। रोहित शर्मा के नाम 55 साल बाद बतौर कप्तान अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ।

Updated On 2024-11-04 20:52:00 IST
rohit sharma captaincy record

IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने एक दिन पहले भारत को मुंबई टेस्ट में हराया। इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने 3 टेस्ट की सीरीज में भारत का पूरी तरह सफाया कर दिया। भारतीय टेस्ट इतिहास में ऐसी पहली बार हुआ, जब घर में टीम इंडिया को 3 टेस्ट की सीरीज में किसी टीम ने क्लीन स्वीप किया। इससे पहले, 1999-2000 में साउथ अफ्रीका ने भी भारत को घर में हराया था। लेकिन, तब 2 टेस्ट की सीरीज खेली गई थी। इस हार के साथ ही बतौर कप्तान रोहित शर्मा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। 

2024 में भारत ने 11 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें से 4 हार उसे घरेलू मैदान पर मिली हैं। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज़्यादा घरेलू टेस्ट हार के लिए एमएके पटौदी के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। 1969 में पटौदी की कप्तानी में भारत को घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन हार का सामना करना पड़ा। 2024 में भारत के कप्तान के रूप में रोहित को पहला झटका 25 से 28 जनवरी तक खेले गए हैदराबाद टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ लगा था। हालांकि इसके बाद भारत ने 6 टेस्ट में जीत हासिल की लेकिन टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ़ लगातार तीन मैच हार गई।

भारत को बेंगलुरु में खेले गए पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से हराया। इसके बाद पुणे में 113 रन से भारत हारा और फिर मुंबई में खेले गए तीसरे टेस्ट को भी भारत ने गंवाया। रोहित की घरेलू धरती पर कुल 5 टेस्ट हार उन्हें सबसे ज़्यादा घरेलू हार वाले भारतीय कप्तानों की सूची में दूसरे स्थान पर रखती है। एमएके पटौदी 9 होम टेस्ट हार के साथ इस लिस्ट में पहले स्थान पर हैं। विराट कोहली का घर में रिकॉर्ड रोहित से बेहतर है। कोहली की कप्तानी में भारत घर में 3 टेस्ट हारा है।

न्यूजीलैंड से सीरीज गंवाने के बाद अब भारत को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है। जहां दोनों टीमों के बीच 22 नवंबर से पांच टेस्ट की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जाएगी। 

Similar News