उत्तरकाशी में बादल फटा- चारधाम यात्रा स्थगित: हरियाणा-हिमाचल समेत 25 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट; जानें आज कहां कैसा रहेगा मौसम
29 जून 2025 को भारत के 25 से अधिक राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी, IMD ने ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया। जानिए किन इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा।
उत्तराखंड में बादल फटे, चारधाम यात्रा स्थगित, हरियाणा हिमाचल समेत 25 राज्यों में बारिश का अलर्ट
Weather Forecast 29 june: भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से सक्रिय हो चुका है। 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश का दौर जारी है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बादल फटने से निर्माणाधीन होटल ढह गया। 9 मजदूर लापता हैं। मौसम विभाग (IMD) ने 29 जून, रविवार को दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत 12 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश होगी।
दिल्ली-एनसीआर में मानसून सक्रिय है। शनिवार को यहां कई जगह तेज बारिश हुई। आज भी भारी वर्षा का अलर्ट है। उत्तराखंड में तेज बारिश से सरयू, अलकनंदा और सरस्वती नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है।
ओडिशा-झारखंड समेत 7 राज्यों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने कई राज्यों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। नदी-नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। आने वाले 4-5 दिन देश के लिए बारिश के लिहाज से बेहद अहम हो सकते हैं। मौसम वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि पूरे उत्तर भारत में भारी वर्षा की संभावना है। ओडिशा, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में लगातार भारी वर्षा हो रही है। दिल्ली NCR में आज और कल हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। हमने दिल्ली NCR के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तरकाशी में बादल फटने से निर्माणाधीन होटल ढहा
उत्तरकाशी में यमुनोत्री मार्ग पर बादल फटने की घटना से निर्माणाधीन होटल क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे के बाद 8-9 मजदूर लापता हैं। राजस्थान के 20 जिलों में शनिवार शाम को एक इंच तक बारिश हुई। रविवार को भी 24 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा स्थगित, श्रद्धालुओं को सलाह
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका के बीच चारधाम यात्रा स्थगित कर दी गई है। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि जान-माल की सुरक्षा के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। संबंधित जिलों के प्रशासन को अलर्ट कर राहत दल सक्रिय किए गए हैं। कल मौसम की स्थिति और मार्गों की समीक्षा के बाद आगे की यात्रा के बारे में निर्णय लिया जाएगा। श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थलों के लिए न निकलें।
दक्षिण भारत में समुद्री खतरा
केरल के कई जिलों में भारी वर्षा से बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। समुद्र में 2-3 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई गई है। निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है। तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
IMD अलर्ट (29 जून 2025)
- ऑरेंज अलर्ट: दिल्ली, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कोकण, गोवा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, सौराष्ट्र
- यलो अलर्ट: राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल, असम, मणिपुर, कर्नाटक, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर
बड़कोट-यमुनोत्री मार्ग पर भूस्खलन, 29 लोग लापता
उत्तराखंड के बड़कोट-यमुनोत्री मार्ग पर भूस्खलन से वहां काम कर रहे 29 लोग लापता हो गए। बचाव दल ने 20 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। 2 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि SDRF, NDRF, प्रशासन, आपदा प्रबंधन के लोग बचाव कार्य में लगे हैं। सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। खराब मौसम के चलते चार धाम यात्रा 24 घंटे के लिए रोकी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। खराब मौसम के कारण जो यात्री गंतव्य को प्रस्थान नहीं कर पाए, उनके लिए आवास-खाने की व्यवस्था की गई है।
उत्तराखंड में UPSC परीक्षा ठीक से संचालित हो रही है। प्रशासन द्वारा छात्रों को सुरक्षित तरीके से सेंटर तक पहुंचाया गया। खराब मौसम के बावजूद परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों का प्रतिशत अच्छा है। सीएम ने कहा, हमारी कोशिश है कि कोई जनहानि न होने पाए और किसी प्रकार का नुकसान न हो।