Todays Weather: राजस्थान में टेम्प्रेचर 48°C के पार, UP-दिल्ली समेत 8 राज्यों में भीषण गर्मी की चेतावनी; जानिए हीटवेव से बचाव के उपाय
राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे गर्म शहर रहा। दिल्ली में तापमान 45°C के पार पहुंचने पर रेड अलर्ट जारी। जानिए किन राज्यों में हीटवेव और कहां आंधी-बारिश होगी।
Weather Update Today : उत्तर भारत में इस दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में बुधवार को 48 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे ज्यादा है। इससे पहले 2019 में गंगानगर का तापमान 49°C दर्ज हुआ था। मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी यूपी सहित 8 जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है।
उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप
दिल्ली के आया नगर में बुधवार को 45°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 13 जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी हीटवेव का खतरा है।
MP का मौसम
मध्य प्रदेश में लगातार छठे दिन गर्मी बनी हुई है। ग्वालियर-चंबल सहित कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। राजधानी भोपाल सहित आसपास के जिलों में बुधवार शाम हल्की बारिश हुई, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली। रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग में भीषण गर्मी पड़ रही है।
बिहार में लू से मौत
बिहार के शिवहर जिले में रवि राम (30) नामक युवक की लू लगने से मौत हो गई। वह घर की मरम्मत कर रहा था। राज्य के सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना सहित अन्य जिलों के तापमान में बढ़ोतरी संभव है।
दक्षिण भारत में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु सहित 20 राज्यों में आंधी, बारिश और तूफान की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लोगों को आंधी, बारिश और तूफान का सामना करना पड़ सकता है।
हीटवेव से बचने के लिए अपनाएं ये 11 जरूरी उपाय
- दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।
- प्यास न लगे तब भी खूब पानी पिएं।
- हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें।
- चश्मा, टोपी/छाता, जूते-चप्पल पहनें।
- बाहर यात्रा करते समय पानी जरूर रखें।
- शराब, चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक्स से बचें।
- बासी या हाई-प्रोटीन फूड न खाएं।
- धूप में काम करने की मजबूरी हो तो गीला कपड़ा रखें।
- चक्कर, उल्टी या बेहोशी महसूस हो तो डॉक्टर से मिलें।
- घर पर बनीं ठंडी ड्रिंक्स जैसे लस्सी, नींबू पानी, ORS का सेवन करें।
- दिन में घर की खिड़कियां बंद और रात में खुली रखें।