Rahul Gandhi Vs ECI: राहुल गांधी के 'वोट चोरी' बयान पर सियासी बवाल, जानिए किसने क्या कहा
राहुल गांधी के "वोट चोरी" आरोपों ने देश की राजनीति गरमा दी है। जानें कांग्रेस, बीजेपी, चुनाव आयोग और विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रियाएं।
राहुल गांधी ने भाजपा के लिए चुनाव आयोग पर "वोट चोरी" करने का आरोप लगाया। (फाइल फोटो)
Rahul Gandhi Vs ECI: राहुल गांधी के "वोट चोरी" के आरोपों ने भारतीय लोकतंत्र की नींव पर सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ''वे वोट चोरी करके प्रधानमंत्री बने हैं।'' दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और उनसे सबूत दिखाने को कहा है।
कांग्रेस का दावा है कि कर्नाटक, महाराष्ट्र और बिहार में लाखों फर्जी वोटर्स जोड़े गए, जिससे बीजेपी को सत्ता में फायदा मिला। राहुल गांधी का कहना है कि "हमारे पास 100% पुख्ता सबूत हैं।"
दूसरी ओर, गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार दौरे पर हैं। उन्होंने वहां से पलटवार किया और कहा, “राहुल गांधी को लोकतंत्र की ABCD नहीं आती। जब-जब वो बोलते हैं, कांग्रेस को नुकसान होता है।”
बहरहाल, अब यह मामला सिर्फ चुनावी आरोप-प्रत्यारोप से बढ़कर संविधानिक संस्थाओं की साख और विपक्षी राजनीति के भविष्य से जुड़ गया है।
राहुल गांधी का आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 6 महीने की जांच के आधार पर चुनाव आयोग (EC) पर बीजेपी के पक्ष में "वोट चोरी" करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि उनके पास "100% पुख्ता सबूत" हैं।
गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि कर्नाटक की बेंगलुरु सेंट्रल सीट के महादेवपुरा क्षेत्र में 1,00,250 फर्जी वोट डाले गए थे। इसी तरह महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले 1 करोड़ नए वोटर जोड़े गए, जिनमें से 40 लाख फर्जी थे। गांधी ने बिहार में SIR प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि इसके जरिए गरीबों के वोट काटे जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से डिजिटल वोटर लिस्ट और CCTV फुटेज मांगने पर इनकार करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने EC अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा- "जो भी अधिकारी इसमें शामिल हैं, वो कहीं भी हों, रिटायरमेंट के बाद भी नहीं बख्शे जाएंगे। ये देशद्रोह है।"
राहुल गांधी ने कहा- ये लोकतंत्र पर सीधा हमला है
शुक्रवार (8 अगस्त) को राहुल गांधी ने संसद परिसर में कहा, "अब ये सिर्फ चुनावी मामला नहीं रहा, ये लोकतंत्र पर सीधा हमला है। हम सुप्रीम कोर्ट से इस पर दखल की मांग करेंगे।"
राहुल गंधी को डीके शिवकुमार का समर्थन
कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने राहुल का समर्थन करते हुए कहा, ''हमारे पास 60,000 से ज़्यादा फर्जी वोटिंग के दस्तावेज़ हैं।''
INDIA गठबंधन एकजुट
राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए इस बड़े आरोप के बाद INDIA गठबंधन एकजुट होता दिख रहा है। गठबंधन में शामिल सभी दलों के नेता राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते दिख रहे हैं।
बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने पहले ही SIR को लेकर बिहार में चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दे चुके हैं। दूसरी ओर, बंगाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि बूथ लेवल अधिकारियों को सतर्क रहना चाहिए।
राहुल के आरोपों पर चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी के आरोप चुनाव आयोग ने प्रतिक्रिया दी है। ECI ने राहुल के आरोपों को खंडन करते हुए 'बेबुनियाद' और 'धमकी भरा' बताया। चुनाव आयोग ने अपने बयान में कहा, ''12 जून 2025 को सबूत मांगने के लिए पत्र भेजा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।''
आयोग ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहार में SIR के तहत 65 लाख नाम हटाए गए हैं, जिनमें मृतक और दोहरे नाम शामिल हैं।
बीजेपी नेताओं का राहुल गांधी पर पलटवार
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के वोट चोरी वाले आरोप को बेबुनियाद और हार को छुपाने की साजिश बताया।
- केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''कांग्रेस ने उन्हीं सीटों पर जीत दर्ज की, जहां वोटर संख्या बढ़ी थी।''
- संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने कहा, ''कांग्रेस जब हारती है तब EC दोषी बनता है।''
- बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, ''SIR तो कांग्रेस सरकार के दौर में बना कानून है, राहुल को जानकारी नहीं।''
जेडीयू (JDU) की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी के आरोप पर नीतीश कुमार की पार्टी (जदयू) ने भी प्रतिक्रिया दी है। जनता दल यूनाइटेड ने अपने बयान कहा है कि राहुल गांधी सबूत दिखाएं, नहीं तो ये महज नाटक है।
अब आगे क्या?
राहुल गांधी के "वोट चोरी" बयान ने देश की राजनीति को झकझोर दिया है। कांग्रेस जहां इसे लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई बता रही है, वहीं बीजेपी इसे "राजनीतिक नौटंकी" बता रही है। अब देखना होगा कि राहुल गांधी इस मुद्दे को और भी सख्ती से कैसे चुनाव आयोग के सामने रखते हैं।