7,000 मकान, ₹3,000 करोड़ पुनर्वास पैकेज: PM मोदी ने मणिपुर के लिए खोला खजाना; कहा-मैं आपके साथ
PM नरेंद्र मोदी ने मणिपुर को ₹7,300 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। हिंसा प्रभावितों से कहा, मैं आपके साथ हूं। कांग्रेस ने किया विरोध, प्रियंका ने दी प्रतिक्रिया।
मणिपुर को ₹7,300 करोड़ सौगात: हिंसा प्रभावित परिवारों से मिले PM मोदी
PM Modi Manipur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (13 सितंबर 2025) को दो साल बाद हिंसा प्रभावित मणिपुर पहुंचे। यहां भारी बारिश और विरोध प्रदर्शनों के बीच उन्होंने ₹7,300 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। चुराचांदपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, भारत सरकार आपके साथ है।
खराब मौसम के कारण पीएम मोदी का कार्यक्रम बदला गया। इम्फाल से चुराचांदपुर वे सड़क मार्ग से पहुंचे। इस कारण कार्यक्रम में भी देरी हुई, लेकिन भारी बारिश के बावजूद हजारों लोग पीएम के स्वागत के लिए मौजूद रहे।
मणिपुर को मिले 7,300 करोड़ के प्रोजेक्ट
- प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर में समावेशी और सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने 7,000 बेघर परिवारों के लिए नए घर और ₹3,000 करोड़ के पुनर्वास पैकेज का ऐलान।
- पीएम मोदी ने कहा, ₹500 करोड़ विस्थापितों की मदद के लिए आरक्षित किए जाएंगे। 3,600 करोड़ रुपये की शहरी सड़कें, जल निकासी और परिसंपत्ति प्रबंधन परियोजना पर खर्च होंगे।
- पीएम मोदी ने 2,500 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, Manipur Infotech Development (MIND) प्रोजेक्ट और 9 जगह वर्किंग वूमेन हॉस्टल बनाने का ऐलान किया है।
इम्फाल में 1,200 करोड़ की परियोजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने इम्फाल में ₹1,200 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें मण्ट्रिपुखरी सिविल सचिवालय, IT SEZ बिल्डिंग, नया पुलिस मुख्यालय, दिल्ली और कोलकाता में मणिपुर भवन, 4 जिलों में महिलाओं के लिए इमा मार्केट शामिल हैं।
विरोध प्रदर्शन और विपक्ष की प्रतिक्रिया
इम्फाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का विरोध किया। कांग्रेस भवन के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और CPI (M) सांसद जॉन ब्रिटास ने देरी पर सवाल उठाए। कहा, प्रधानमंत्री को पहले मणिपुर जाना चाहिए था। लंबे समय से लोग परेशान हैं। यह कदम पहले उठाना चाहिए था।