75 पर रिटायर होंगे पीएम मोदी?: संघ प्रमुख मोहन भागवत ने तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कहा

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने 75 वर्ष में रिटायरमेंट वाली अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा- मैंने न अपने लिए कहा, न किसी और के लिए; बस मोरोपंत का उद्धरण दिया था।

Updated On 2025-08-28 22:05:00 IST

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत।

Mohan Bhagwat On PM modi retirement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75 साल की उम्र में राजनीति से रिटायर होने की चर्चा अब खत्म होती दिख रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने खुद इस पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी अपने लिए या किसी और के लिए रिटायरमेंट की बात नहीं की थी।

मोहन भागवत ने बताई पूरी सच्चाई

भागवत ने बताया कि नागपुर के एक कार्यक्रम में उन्होंने बस संघ के वरिष्ठ नेता मोरोपंत का एक हास्य वचन सुनाया था। उसमें कहा गया था कि जब कोई आपको 75 की उम्र पर शॉल देकर सम्मानित करे तो आपको रिटायरमेंट पर सोचना चाहिए। लेकिन इसे गलत तरीके से समझ लिया गया और ऐसा माना जाने लगा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तरफ इशारा किया है।

भागवत बोले- संघ कहे तो काम, चाहे 35 हों या 75

मोहन भागवत ने कहा, ''मैंने कभी नहीं कहा कि मैं 75 पर रिटायर हो जाऊंगा, और न यह कहा कि कोई और हो। संघ में उम्र की कोई सीमा नहीं होती। जहाँ ज़रूरत होती है, वहाँ काम करना पड़ता है। चाहे उम्र 35 हो या 75।''

उन्होंने आगे कहा कि संघ में कोई ‘मैं ये करना चाहता हूं’ जैसी सोच नहीं होती। संघ जो जिम्मेदारी देता है, वही करनी होती है।

भागवत ने यह भी कहा कि संघ में उनके अलावा भी कम से कम 10 लोग हैं जो यह जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। लेकिन वे सब अपनी-अपनी भूमिका में व्यस्त हैं। इसलिए उन्हें यह दायित्व दिया गया।

कांग्रेस का पीएम मोदी पर तंज

भागवत के 75 वर्ष में रिटायरमेंट वाले बयान के बाद कांग्रेस ने चुटकी ली थी। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा था कि यह बात प्रधानमंत्री मोदी की ओर इशारा हो सकती है क्योंकि वे भी 17 सितंबर 2025 को 75 साल के होने जा रहे हैं।

बीजेपी अध्यक्ष पर क्या बोले मोहन भागवत?

जेपी नड्डा के कार्यकाल बढ़ने के बाद यह सवाल भी उठा कि अगला बीजेपी अध्यक्ष कौन होगा? इस पर भागवत ने कहा, ''यह निर्णय संघ नहीं करता। अगर हम करते तो इतना समय क्यों लगता?''

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि RSS और बीजेपी में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन दोनों का लक्ष्य एक ही है।

Tags:    

Similar News