मानसून सत्र 5वां दिन: विपक्ष ने लगाए 'मोदी सरकार हाय-हाय' के नारे; अब 28 जुलाई को चर्चा
संसद के मानसून सत्र 2025 के 5वें दिन लोकसभा में हंगामा, विपक्ष का बिहार वोटर वेरिफिकेशन पर विरोध, 28 जुलाई को ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा।
Parliament Monsoon Session 2025
Parliament Monsoon Session 2025: संसद के मानसून सत्र के 5वें दिन शुक्रवार (25 जुलाई) को जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सभी सांसदों ने कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विपक्ष ने बिहार वोटर वेरिफिकेशन पर हंगामा किया। पांच मिनट बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने के बाद सभी दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक की। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि सदन की कार्यवाही 28 जुलाई, सोमवार से नियमित चलेगी। इसी दिन ऑपरेशन सिंदूर पर भी चर्चा होगी।
पैदल मार्च निकाला
लोकसभा की कार्यवाही से पहले विपक्ष ने बिहार वोटर वेरिफिकेशन मुद्दे पर संसद परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित विपक्षी सांसदों ने गांधी प्रतिमा से लेकर मकर द्वार तक पैदल मार्च निकाला। मकर द्वार पहुंचने पर राहुल-प्रियंका सहित विपक्ष के सांसदों ने स्पेशल इंन्सेंटिव रिवीजन (SIR) लिखे पोस्टर फाड़े। साथ ही मोदी सरकार हाय-हाय के नारे लगाए।
15 से ज्यादा बिल पेश होंगे
संसद सत्र 21 अगस्त तक चलेगा। 32 दिन के सत्र में 18 बैठकें होंगी। 15 से ज्यादा बिल पेश होंगे। केंद्र सरकार मानसून सत्र में 8 नए बिल पेश करेगी, जबकि 7 लंबित बिलों पर चर्चा होगी। इनमें मणिपुर GST संशोधन बिल 2025, इनकम टैक्स बिल, नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल जैसे विधेयक शामिल हैं।
चौथा दिन: बिहार वोटर वेरिफिकेशन पर खूब हुआ हंगामा
संसद सत्र के चौथे दिन गुरुवार (24 जुलाई) को भी जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हल्ला बोल दिया। बिहार वोटर वेरिफिकेशन मामले पर जोरदार हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए विपक्षी सांसद वेल में पहुंच गए। विरोध के पोस्टर लहराए। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही सिर्फ 12 मिनट चल सकी। स्पीकर ओम बिरला ने कहा-तख्तियां लेकर आने पर सदन नहीं चलेगा। ओम बिरला ने कांग्रेस सांसदों से कहा कि ये आपके संस्कार नहीं हैं। हंगामे के बीच शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सत्र का तीसरा दिन
संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन बुधवार (23 जुलाई) को सदन में जोरदार हंगामा हुआ। बिहार वोटर वेरिफिकेशन मुद्दे पर विपक्ष ने नारेबाजी की। इस वजह से सदन की कार्यवाही 3 बार रोकी गई, फिर 2 बजे दोनों सदनों को अगले दिन 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया। बुधवार को जानकारी सामने आई कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लोकसभा में 28 जुलाई और राज्यसभा में 29 जुलाई को चर्चा होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों सदनों में बहस के लिए 16-16 घंटे का समय निर्धारित किया है।
सत्र का दूसरा दिन
मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ था। लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। 2 बजे कार्यवाही फिर शुरू हुई तो हंगामा हुआ। हंगामे के कारण कार्यवाही बुधवार 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।
सोमवार को ऑपरेशन सिंदूर पर होगी चर्चा
हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही को 28 जुलाई तक स्थगित कर दी गई। सोमवार को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होगी। बहस के लिए 16 घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
28 जुलाई से नियमित चलेगी कार्यवाही
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने के बाद सभी दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक की। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि सदन की कार्यवाही 28 जुलाई, सोमवार से नियमित चलेगी।
SIR को फाड़कर कूड़ेदान में फेंका
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव, INDIA गठबंधन के विभिन्न दलों के सांसदों के साथ, प्रतीकात्मक रूप से SIR को फाड़कर कूड़ेदान में फेंक दिया।
राज्यसभा की कार्यवाही 28 जुलाई तक स्थगित
राज्यसभा में सुबह 11 बजे शुरू हुई कार्यवाही करीब 20 मिनट तक चली। फिर इसे दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर विपक्ष ने हंगामा किया। जिसके बाद सदन को 28 जुलाई सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
कमल हासन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ
राज्यसभा की कार्यवाही चल रही है। एक्टर कमल हासन ने तमिल भाषा में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। वे राजनीतिक पार्टी मक्कल नीधि मैयम के प्रमुख भी हैं।
लोकसभा 2 बजे तक स्थगित
संसद के मानसून सत्र का शुक्रवार (25 जुलाई) को पांचवां दिन है। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सभी सांसदों ने कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विपक्ष ने बिहार वोटर वेरिफिकेशन पर हंगामा किया। पांच मिनट बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन
विपक्षी सांसदों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल हुए।