Dinesh Kumar Tripathi: कौन हैं वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी? जिनको मिली देश के नए नौसेना प्रमुख की जिम्मेदारी

New Navy Chief Dinesh Kumar Tripathi: वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी का जन्म 15 मई 1964 में हुआ था। वह भारतीय नौसेना में 1985 में शामिल हुए थे। एडमिरल आर हरि कुमार के रिटायरमेंट के बाद वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी नौसेना का पदभार संभालेंगे।

Updated On 2024-04-19 14:41:00 IST
New Navy Chief Dinesh Kumar Tripathi

New Navy Chief Dinesh Kumar Tripathi: वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी देश के नए नौसेना प्रमुख बनने जा रहे हैं। दरअसल एडमिरल आर हरि कुमार 30 अप्रैल को रिटायर होने जा रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद वाईस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी नौसेना का पदभार संभालेंगे। 

अपने 30 साल लंबे करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं देने के बाद अब एडमिरल दिनेश नौसेना के शीर्ष पद पर सेवाएं देने को तैयार हैं। त्रिपाठी वर्तमान में नौसेना स्टाफ के उप प्रमुख हैं। वह 30 अप्रैल की दोपहर से देश के नए नौसेना प्रमुख का पदभार संभालेंगे। 

आइए जानते हैं नए नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी के बारे में

15 मई 1964 को हुआ जन्म
वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी का 15 मई 1964 को जन्म हुआ था। एक जुलाई 1985 में वह भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ वाइस एडमिरल त्रिपाठी का करीब 30 वर्ष का लंबा करियर रहा है।

कहां-कहां दी सेवाएं?
वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी भारतीय नौसेना के जहाजों वीनश, किर्च और त्रिशूल की कमान संभाल चुके हैं। उन्होंने कई अहम परिचालन और स्टाफ नियुक्तियों पर भी काम किया है, जिनमें पश्चिमी बेड़े के बेड़े संचालन अधिकारी; नौसेना संचालन निदेशक; नई दिल्ली में प्रधान निदेशक, नेटवर्क सेंट्रिक ऑपरेशंस और प्रधान निदेशक नौसेना योजना शामिल हैं। रियर एडमिरल के रूप में वह नौसेना स्टाफ के सहायक प्रमुख (नीति और योजना) और पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग के तौर पर भी सेवाएं दे चुके हैं। 

दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहां से की पढ़ाई?
भारत ने नए नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी ने शुरुआती पढ़ाई सैनिक स्कूल, रीवा और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला से की। इसके बाद उन्होंने डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन से अपनी आगे की पढ़ाई की। उन्होंने नेवल वॉर कॉलेज में नेवल हायर कमांड कोर्स में भी भाग लिया। 

Similar News