सोमनाथ भारती ने एग्जिट पोल को किया खारिज: बोले- 'अगर मोदी बने पीएम, तो मैं सिर मुंडवा लूंगा'

Somnath Bharti on exit poll: 2024 के लोकसभा चुनावों के एग्जिट पोल में भाजपा और एनडीए की स्पष्ट जीत की भविष्यवाणियों के बाद, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सोमनाथ भारती ने इन अनुमानों को सिरे से खारिज कर दिया है। भारती ने यह दावा किया कि अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, तो वे अपना सिर मुंडवा लेंगे।

Updated On 2024-06-02 00:08:00 IST
इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सोमनाथ भारती।

Somnath Bharti on exit poll: 2024 के लोकसभा चुनावों के एग्जिट पोल में भाजपा और एनडीए की स्पष्ट जीत की भविष्यवाणियों के बाद, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सोमनाथ भारती ने इन अनुमानों को सिरे से खारिज कर दिया है। भारती ने यह दावा किया कि अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, तो वे अपना सिर मुंडवा लेंगे।

सोमनाथ भारती ने क्या कहा?
बता दें कि सोमनाथ भारती नई दिल्ली लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार भी हैं। सोमनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "अगर मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते हैं तो मैं अपना सिर मुंडवा लूंगा। मेरी बात याद रखो! 4 जून को सभी एग्जिट पोल गलत साबित होंगे और मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे। दिल्ली में सभी सात सीटें इंडिया एलायंस को मिलेंगी।"

कई एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत
जनता TV-INH-हरिभूमि के एग्जिट पोल के अनुसार,  एनडीए को 353-383 सीटें जीतते हुए दिखाया है, जबकि इंडिया गठबंधन को केवल 152-182 सीटें मिलने का अनुमान है। न्यूज़ नेशन के अनुसार, एनडीए को 342-378 सीटें और इंडिया गठबंधन को 153-169 सीटें मिलेंगी। जन की बात ने एनडीए के हिस्से में  362-392 सीटें और इंडिया के लिए 141-161 सीटें  हैं। रिपब्लिक टीवी - पी मार्क ने एनडीए को 358 और इंडिया को 154 सीटें दी हैं।

दिल्ली में सभी सात सीटों पर जीतेगा इंडिया गठबंधन
सोमनाथ भारती ने कहा कि दिल्ली में इस बार इंडिया गठबंधन सभी सात सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी का डर एग्जिट पोल को उन्हें हारते हुए नहीं दिखाने देता, इसलिए चुनाव आयोग की ओर से नतीजों का ऐलान किए जाने का इंतजार करना चाहिए। भारती ने यह भी कहा कि एग्जिट पोल्स अक्सर गलत साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि 4 जून को वास्तविक परिणाम सामने आने पर सच्चाई का पता चलेगा। बता दें कि इंडिया गठबंधन में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस भी शामिल है। 

अभिषेक मनु सिंघवी ने भी एग्जिट पोल को गलत बताया
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी एग्जिट पोल्स को गलत बताया और दावा किया कि इंडिया गठबंधन को 295 सीटें मिलेंगी, जो बहुमत के 272 के आंकड़े से 23 अधिक होंगी। शनिवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे ने अपने दिल्ली आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ मीटिंग के बाद कहा कि हमने अपने नेताओं से विचार विमर्श के बाद यह आकलन किया है कि इंडिया गठबंधन को 295 सीटें आएंगी। हमें इससे कम सीटें नहीं आएंगी। 

Similar News