Prajwal Revanna Case: प्रज्वल रेवन्ना स्कैंडल उजागर करने वाले BJP नेता देवराजे गौड़ा गिरफ्तार, महिला ने लगाया यौन शोषण, धमकाने का आरोप

Prajwal Revanna Case: देवराजे वही शख्स हैं, जिन्होंने जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना के कथित यौन उत्पीड़न के वीडियो लीक किए थे। वह पेशे से एक वकील हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Updated On 2024-05-11 07:37:00 IST
Prajwal Revanna case

Prajwal Revanna Case: कर्नाटक पुलिस ने भाजपा नेता देवराजे गौड़ा को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ होलेनारासीपुरा टाउन पुलिस स्टेशन में शारीरिक उत्पीड़न और यौन शोषण का मामला दर्ज है। एक अप्रैल को एक महिला ने देवराजे गौड़ा और अन्य लोगों पर धमकाने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। कहा था कि गौड़ा ने उसकी संपत्ति बेचने में मदद करने के बहाने 10 महीने तक उसका उत्पीड़न किया। 

देवराजे वही शख्स हैं, जिन्होंने जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना के कथित यौन उत्पीड़न के वीडियो लीक किए थे। वह पेशे से एक वकील हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार, हसन पुलिस से मिली सूचना के बाद देवराजे गौड़ा को चित्रदुर्ग जिले के गुलिहाल टोल गेट पर पकड़ा गया। वह बेंगलुरु से चित्रदुर्ग की ओर जा रहे थे। तभी हिरियुर पुलिस ने उन्हें पकड़ा।

देवराजे ने पार्टी नेतृत्व को बताई थी प्रज्वल की करतूत
गिरफ्तार किए गए भाजपा नेता देवराजे गौड़ा ने पहले दावा किया था कि उन्होंने क्लिप सामने आने से महीनों पहले पार्टी के प्रदेश नेतृत्व को जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना के बारे में आगाह किया था। कहा कि वह हसन से प्रज्वल रेवन्ना को लोकसभा का टिकट न दें। हालांकि कर्नाटक बीजेपी प्रमुख बीवाई विजयेंद्र ने वीडियो के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया था।

प्रज्वल जर्मनी फरार, पिता एचडी रेवन्ना जेल में
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे प्रज्वल रेवन्ना हासन लोकसभा सीट से उम्मीदवार व मौजूदा सांसद हैं। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को हासन सीट पर वोटिंग हुई थी। वोटिंग के कुछ घंटों बाद प्रज्वल जर्मनी फरार हो गए। उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है। उनकी तमाम क्लिप आई हैं, जिनमें वे महिलाओं का यौन शोषण करते दिख रहे हैं। उन्हें जेडीएस ने निलंबित कर दिया है। उनके पिता एचडी रेवन्ना एक पीड़िता के अपहरण के मामले में जेल में हैं।  

देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली पार्टी कर्नाटक में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के साथ गठबंधन में है। सीट-बंटवारे समझौते के तहत, जद (एस) को राज्य के 28 संसदीय क्षेत्रों में से तीन -हसन, कोलार, मांड्या मिली थी, जबकि शेष 25 सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ रही है।

प्रज्वल पर तीन मामले दर्ज
प्रज्वल रेवन्ना मामले की जांच राज्य पुलिस की एक विशेष जांच टीम (SIT) द्वारा की जा रही है। उनके खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें बलात्कार, छेड़छाड़, धमकी, ब्लैकमेलिंग और धमकी जारी करने जैसे आरोप हैं।

प्रज्वल रेवन्ना के विदेश फरार होने को लेकर कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने बार-बार प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। साथ ही जेडीएस से गठबंधन पर भी सवाल उठाए हैं।

Similar News