'जाना था गुवाहाटी, पहुंच गए ढाका...', मुंबई से रवाना IndiGo फ्लाइट की बांग्लादेश में इमरजेंसी लैंडिंग, मुंबई के कांग्रेस नेता भी फंसे

IndiGo Flight Emergency Landing in Dhaka: एयरलाइन ने कहा कि विमान के यात्रियों के जलपान की व्यवस्था की गई है। उन्हें वापस गुवाहाटी ले जाने के लिए एक वैकल्पिक इंतजाम किया जा रहा है।

Updated On 2024-01-13 11:11:00 IST
IndiGo Flight Emergency Landing

IndiGo Flight Emergency Landing in Dhaka: मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को घने कोहरे के कारण शनिवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। लो विजिबिलिटी के कारण गुवाहाटी हवाई अड्डे पर फ्लाइट उतरने में असमर्थ थी। इसके चलते सुबह 4 बजे फ्लाइट को ढाका डायवर्ट कर दिया गया। इस विमान में मुंबई के एक कांग्रेस नेता भी सवार थे। अभी तक एयरलाइन ने यह नहीं बताया है कि दूसरी फ्लाइट कब गुवाहाटी के लिए रवाना होगी। 

एयरलाइन ने कहा कि विमान के यात्रियों के जलपान की व्यवस्था की गई है। उन्हें वापस गुवाहाटी ले जाने के लिए एक वैकल्पिक इंतजाम किया जा रहा है।

गुवाहाटी से डायवर्ट हुई फ्लाइट
दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट 6E 5319 ने मुंबई से गुवाहाटी लिए उड़ान भरी थी। इसमें 178 यात्री सवार थे। विमान गुवाहाटी पहुंचा लेकिन खराब मौसम के कारण उसे बांग्लादेश की ओर मोड़ दिया गया। इंडिगो ने कहा कि यात्रियों को जो परेशानी उठानी पड़ी, उस पर उन्हें खेद है। विमान में मौजूद लोगों को खाना और नाश्ता परोसा गया है। 

कांग्रेस नेता बोले- बिना पासपोर्ट पहुंचे बांग्लादेश
कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अचानक विमान के डायवर्ट किए जाने पर नाराजगी जाहिर की है। इंफाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने जा रहे मुंबई यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सूरज सिंह ठाकुर ने एक पोस्ट में कहा कि यात्री घंटों तक फ्लाइट में फंसे रहे। मैंने मुंबई से गुवाहाटी के लिए IndiGo6E की फ्लाइट 6E 5319 ली। लेकिन घने कोहरे के कारण फ्लाइट गुवाहाटी में लैंड नहीं कर सकी। विमान ढाका में उतरा। उड़ान में सवार सभी यात्री अपने पासपोर्ट के बिना अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए थे। यात्री नौ घंटे से विमान के अंदर ही हैं।

एक अन्य फ्लायर ने पोस्ट में कहा कि 178 यात्री चार घंटे से अधिक समय से इंतजार कर रहे हैं कि कोई अन्य विमान उन्हें उनके गंतव्य तक वापस ले जाए।

इंडिगो ने जताया खेद
इंडिगो ने कहा कि यात्रियों को हुई असुविधा के लिए सचमुच खेद है। खराब मौसम के कारण फ्लाइट को डायवर्ट किया गया जो हमारे नियंत्रण से भी बाहर है। हमारी टीम अपनी सर्वोत्तम क्षमताओं के अनुसार यात्रियों की सहायता के लिए काम कर रही है। हम ईमानदारी से आपकी कठिनाई समझ रहे हैं। 

Tags:    

Similar News