कब आएगा मानसून, IMD ने बताई तारीख: सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान, जल्द मिलने वाली है गर्मी से राहत

IMD Weather Update: दक्षिण-पश्चिमी मानसून की शुरुआत केरल में 31 मई के आसपास होने के आसार है। इसमें 4 दिन आगे या पीछे की गुंजाइश रखी गई है। मतलब मानसून 28 मई से 3 जून के बीच कभी भी आ सकता है।

Updated On 2024-05-16 07:39:00 IST
Monsoon Updates

IMD Weather Update: जल्द ही मानसून की झमाझम बारिश होने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भविष्यवाणी की है कि इस साल मानसून सीजन की शुरुआत जल्द हो जाएगी। आईएमडी ने तारीख का ऐलान भी कर दिया है। इसके मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी मानसून की शुरुआत केरल में 31 मई के आसपास होने के आसार है। इसमें 4 दिन आगे या पीछे की गुंजाइश रखी गई है। मतलब मानसून 28 मई से 3 जून के बीच कभी भी आ सकता है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून आम तौर पर एक जून को केरल में दस्तक देता है। इसके बाद यह आमतौर पर उत्तर की ओर बढ़ता है। 15 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है। 

31 मई को आ रहा मानसून
IMD के डायरेक्टर मृत्युंजय महापात्र ने बुधवार, 15 मई को बताया कि मानसून की शुरुआत एक जून से होती है। इसमें 7 दिन का विचलन रहता है। इसका मतलब यह है कि 7 दिन आगे या 7 दिन पीछे मानसून दस्तक दे सकता है। इस साल मानसून एक दिन पहले 31 मई को आ रहा है। इसमें 4 दिन या 4 दिन ज्यादा का अंतर हो सकता है। यह तारीख देशभर में मानसून के लिए एक अहम संकेतक है। इसके उत्तर की ओर बढ़ने से चिलचिलाती गर्मी से निजात मिलेगी।  

19 मई को अंडमान निकोबार पहुंचेगा मानसून
IMD के मुताबिक, मानसून 19 मई को अंडमान निकोबार पहुंचने की संभावना है। आमतौर पर यह 20 से 22 तारीख के आसपास इस जोन में दस्तक देता है। यहां दस्तक देने के बाद मानसून देश के अन्य हिस्सों की तरफ बढ़ेगा। मौसम विभाग का कहना है कि देश में अल नीनो मौसम प्रणाली कमजोर हो रही है। यह मानसून आने तक हट जाएगा। ला नीना स्थितियां एक्टिव हो रही हैं। ला नीना भारत में अधिक बारिश का कारण बनती है। यह अगस्त तक स्थापित हो जाएगा। यह इस साल अच्छे मानसून का संकेत है। 

1918 में 11 मई को केरल पहुंचा था मानसून
आईएमडी अपने स्थापना काल से मानसून की दस्तक को लेकर भविष्यवाणियां करता रहा है। 1918 में मानसून 11 मई को केरल पहुं था। इसके बाद 1972 में सबसे देरी से मानसून 18 जून को केरल पहुंचा। अगर बीते चार साल की बात करें तो 2020 में मानसून 1 जून को, 2021 में 3 जून को, 2022 में 29 मई को और 2023 में 8 जून को केरल पहुंचा था।

Monsoon

106 फीसदी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 2024 में औसत से अधिक मानसूनी बारिश का अनुमान जताया है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम रविचंद्रन ने कहा कि मानसून आमतौर पर एक जून के आसपास केरल में आता है और सितंबर के मध्य में वापस चला जाता है। इस औसत बारिश 106 फीसदी होने की उम्मीद है। 

इन राज्यों में लू और बारिश का अनुमान
उत्तर-पश्चिम भारत में 16 मई से और पूर्वी भारत में 18 मई से गर्मी की लहर का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। हीट वेव बढ़ जाएगी। IMD के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, दक्षिण हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में 16 से 19 मई तक लू चलने का अनुमान है। कोंकण में 15-16 मई, सौराष्ट्र और कच्छ में 16-17 मई, दिल्ली, झारखंड, गैंगेटिक पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 18-19 मई को लू चलने की संभावना जताई गई है। 

मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, केरल, माहे, तटीय और कर्नाटक में 15 मई से 19 मई तक आंधी के साथ बारिश का अनुमान जताया है। 

IMD मना रहा अपना 150वां स्थापना जश्न
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग अगले साल 15 जनवरी 2025 को अपनी स्थापना के 150 साल पूरे करेगा। आईएमडी इस उपलब्धि को 15 जनवरी 2024 से 15 जनवरी 2025 के दौरान साल भर चलने वाले समारोहों के साथ मना रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने मौसम विभाग की सराहना की है। उन्होंने अपने X हैंडल से IMD का एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि आज हम भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की राष्ट्र के प्रति असाधारण सेवा के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। मौसम की भविष्यवाणी करने से लेकर जलवायु अनुसंधान को आगे बढ़ाने तक, आईएमडी ने जीवन की सुरक्षा और पर्यावरण के बारे में हमारी समझ को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Similar News