Assembly Election 2024: आज चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के लिए चुनाव तारीखों का ऐलान संभव

Assembly Election 2024: जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग 5 से 7 चरणों में वोटिंग कराने पर विचार कर रहा है।

Updated On 2024-08-16 10:58:00 IST
चंडीगढ़ पहुंची भारत चुनाव आयोग की टीम। 

Assembly Election 2024: चुनाव आयोग शुक्रवार (16 अगस्त) को जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। इसके लिए इलेक्शन कमीशन ने दोपहर 3 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इसी साल झारखंड और महाराष्ट्र में भी चुनाव होने हैं, लेकिन इनके लिए इलेक्शन शेड्यूल बाद में घोषित होगा। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग 5 से 7 चरणों में वोटिंग कराने पर विचार कर रहा है। पिछले दिनों चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव सिंह ने आयोग की टीम के साथ जम्मू-कश्मीर का दौरा कर तैयारियां का जायजा लिया था।

1) जम्मू कश्मीर:
जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाए जाने के बाद केंद्र सरकार ने इसे 2 केंद्र शासित प्रदेशों कश्मीर और लद्दाख में बांटा था। सुप्रीम कोर्ट ने 30 सितंबर तक चुनाव कराने का आदेश दिया था, साथ ही कहा था कि जम्मू-कश्मीर को जल्द राज्य का दर्जा वापस दिया जाए। इसके बाद कई राजनीतिक दलों और नेताओं ने भी यहां जल्द चुनाव कराने की मांग की। जम्मू कश्मीर में अब विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 46 है। 

2) हरियाणा:
हरियाणा में विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2025 को खत्म होने वाला है। यहां 90 सीटों पर चुनाव होंगे। बीजेपी और उसके सहयोगी 43 सीटों के साथ सत्ता में हैं। बहुमत का आंकड़ा 46 है। विपक्ष के पास 44 विधायक हैं।

3) महाराष्ट्र: 
महाराष्ट्र में 26 नवंबर 2024 को विधानसभा का कार्यकाल खत्म होगा। यहां बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) की सरकार है। 2019 के विधानसभा चुनाव में NDA को 201 और महाविकास अघाड़ी को 67 सीटें मिली थीं। राज्य में कुल सीटों की संख्या 288 है और बहुमत का आंकड़ा 144 है।

4) झारखंड:
झारखंड में विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। राज्य में विधानसभा सीटों की संख्या 81 और बहुमत का आंकड़ा 41 है। यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा की अगुआई में गठबंधन की सरकार है।

Similar News