Crown Prince India Visit: अबू धाबी के क्राउन प्रिंस 2 दिवसीय भारत दौरे पर, जानें भारत के लिए इस यात्रा के मायने?

क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की भारत यात्रा एक साधारण राजनयिक दौरे से कहीं बढ़कर है। वे 9 और 10 सितंबर को भारत यात्रा पर रहेंगे। 

Updated On 2024-09-08 13:28:00 IST
Abu Dhabi Crown Prince India Visit

Abu Dhabi Crown Prince India Visit: अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सोमवार से दिवसीय भारत दौरे पर रहेंगे। 9 और 10 सितंबर का उनकी यह यात्रा भारत-यूएई संबंधों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। यह भारत में क्राउन प्रिंस की पहली ऑफिशियल विजिट है, जो दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को और गहरा करने का मौका है। साथ ही इसका उद्देश्य कई क्षेत्रों में बढ़ते आपसी सहयोग और साझेदारी को और मजबूती देना है।

दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के लिए मील का पत्थर

  • भारत और यूएई के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों का पुराना इतिहास रहा है, जो अब एक मजबूत साझेदारी में बदल चुका है। 2017 के बाद व्यापक रणनीतिक साझेदारी ने व्यापार, निवेश, तकनीक, ऊर्जा और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग की नींव रखी थी। क्राउन प्रिंस की इस यात्रा का उद्देश्य इन सहयोगों को नए आयामों पर पहुंचाना है।
  • विदेश मंत्रालय के मुताबिक, क्राउन प्रिंस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के साथ कई मुद्दों पर अहम वार्ता करेंगे। उनका राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देना दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों का प्रतीक होगा। इसके अलावा, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से भी क्राउन प्रिंस की मुलाकात होगी, जिससे राजनयिक रिश्ते और मजबूत होंगे।

मुंबई में इकोनॉमिक फोरम पर चर्चा
यात्रा के दूसरे चरण में शेख खालिद 10 सितंबर को मुंबई में एक इकोनॉमिक फोरम में शिरकत करेंगे। जहां भारत और यूएई के व्यापार जगत के प्रमुख लोग जुटेंगे। इसके जरिए दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को और बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा होगी। प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे और अक्षय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खोजे जाएंगे। यूएई, भारत का प्रमुख व्यापारिक साझेदार है और दोनों देशों के बीच व्यापार को और बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं।

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस कौन हैं?
शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के सबसे बड़े बेटे हैं। अबू धाबी के क्राउन प्रिंस के रूप में वे यूएई की घरेलू और विदेशी नीतियों में अहम भूमिका निभाते हैं। खासकर आर्थिक विविधीकरण, नवाचार और सतत विकास पर उनका ध्यान है। उनकी अगुआई में यूएई एक वैश्विक प्रौद्योगिकी, वित्त और अक्षय ऊर्जा हब के रूप में उभर रहा है।

क्राउन प्रिंस के भारत दौरे का महत्व
क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की भारत यात्रा एक साधारण राजनयिक दौरे से कहीं बढ़कर है। यह यात्रा भारत-यूएई संबंधों के बढ़ते महत्व का प्रतीक है। इस यात्रा में आर्थिक सहयोग पर जोर देने और विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा के साथ दोनों देशों के लिए नए अवसर और साझेदारी की संभावनाएं खुलेंगी।

Similar News