17 सितंबर 2025 को मोदी अमित शाह को बनाएंगे पीएम: लखनऊ में अरविंद केजरीवाल का दावा, बोले- योगी आदित्यनाथ का भी हटना तय
Arvind Kejriwal Akhilesh Yadav Joint Press Conference: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव सभी 7 चरणों में हो रहे हैं। गुरुवार, 16 मई को अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव ने लखनऊ में संयुक्त प्रेस वार्ता की और भाजपा पर निशाना साधा।
Arvind Kejriwal Akhilesh Yadav Joint Press Conference: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार, 16 मई को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे। समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचने पर केजरीवाल का अखिलेश यादव ने बुके भेंटकर स्वागत किया। सपा कार्यालय में चुनाव पर चर्चा करने के बाद अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। केजरीवाल ने दावा किया कि पीएम मोदी 17 सितंबर 2025 को अपना उत्तराधिकारी अमित शाह को घोषित कर देंगे। वे अमित शाह को पीएम बनाएंगे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को भी लोकसभा चुनाव के 2 महीने बाद हटा दिया जाएगा।
सबसे पहले सामने रखी ये 4 बातें
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज लखनऊ में मैं उत्तर प्रदेश के मतदाताओं से INDIA गठबंधन को वोट करने के लिए अपील करने आया हूं। मैं सबसे पहले 4 बातें रखना चाहता हूं-
- इस चुनाव में PM मोदी अपने लिए नहीं अमित शाह के लिए वोट मांग रहे हैं।
- अगर ये लोग जीत गए तो योगी आदित्यनाथ को 2-3 महीने में CM पद से हटा दिया जाएगा।
- अगर ये जीत गए तो इनकी पूरी तैयारी है कि ये संविधान बदलकर SC,ST, OBC का आरक्षण खत्म कर देंगे।
- देश भर से जो आंकड़े आ रहे हैं वह दिखा रहे हैं कि 4 जून को INDIA गठबंधन की सरकार बनने वाली है।
अमित शाह के रास्ते में एक ही कांटा
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा में कई लोगों को टिकट नहीं मिला। कई लोग ऐसे थे जो पद पर बैठे थे, उन्हें पद से हटाकर इस्तीफा दिलवाया गया। अगले साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 साल के हो जाएंगे। मोदीजी ने तय कर लिया है कि अमित शाह को वो अपना वारिस बनाएंगे। अमित शाहजी को मोदीजी ने अगले साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री बनाने का मन बनाया है। इसके लिए वो एक-दो साल से लगे भी हुए हैं।
दिल्ली सीएम ने कहा कि भाजपा के भीतर जो नेता अमित शाह के लिए बाधा बन सकता था, उसे रास्ते से हटा दिया। शिवराज सिंह, वसुंधरा राजे, डॉक्टर रमन सिंह, देवेंद्र फडणवीस, मनोहर लाल खट्टर जैसे नेताओं को एक-एक कर हटा दिया गया। एक ही शख्स हैं योगी आदित्यनाथ, जो अमित शाह के रास्ते का कांटा बन सकते हैं। योगी आदित्यनाथ को भी 2 महीने के भीतर उनके पद से हटा दिया जाएगा।
#WATCH लखनऊ: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "...प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा नहीं कहा है कि वे 75 साल की उम्र में इस्तीफा नहीं देंगे। पीएम मोदी का ये नियम उन्हीं के द्वारा बनाया गया है और मुझे उम्मीद है कि वे अपने नियम को फॉलो करेंगे, नहीं तो लोग कहेंगे कि पीएम… pic.twitter.com/y3Ooi5OWp4
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 16, 2024
मुझे भरोसा- पीएम मोदी अपना नियम फॉलो करेंगे
केजरीवाल ने दावा किया कि ऐसी बातें मैंने दिल्ली में भी कहा था। तब भाजपा के कई नेताओं ने अपनी भावनाएं प्रकट की थीं कि नहीं-नहीं पीएम मोदी को 75 साल में इस्तीफा नहीं देना चाहिए। उनकी भावनाओं की कद्र है। लेकिन मोदीजी ने ऐसा कुछ नहीं कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा नहीं कहा है कि वे 75 साल की उम्र में इस्तीफा नहीं देंगे। पीएम मोदी का ये नियम उन्हीं के द्वारा बनाया गया है और मुझे उम्मीद है कि वे अपने नियम को फॉलो करेंगे, नहीं तो लोग कहेंगे कि पीएम मोदी ने ये नियम लालकृष्ण आडवाणी को हटाने के लिए बनाया था।
भाजपा को 220 सीट से कम मिलेगी
अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव के नतीजों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ट्रेंड आ रहे हैं। ट्रेंड से पता चलता है कि बीजेपी को 220 से कम सीटें मिल रही हैं। हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, यूपी, बिहार, झारखंड और राजस्थान में उनकी सीटें कम होने जा रही हैं। भाजपा अपनी सरकार नहीं बनाने जा रही है, भारत गठबंधन अपनी सरकार बनाने जा रहा है।
#WATCH लखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "...140 करोड़ की जनता इस बार इन्हें(भाजपा) 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में ये 99 सीटों के खेल में उलझ जाएंगे, यहां उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा..." pic.twitter.com/BiuYv1VOHC
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 16, 2024
अखिलेश यादव के अपने दावे
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी लोकसभा चुनावों में भाजपा को कितनी सीटें मिलेंगी, यह बताया। उन्होंने पीएम मोदी के 140 करोड़ देशवासियों के संबोधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि 140 करोड़ की जनता इस बार इन्हें (भाजपा) 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में ये 99 सीटों के खेल में उलझ जाएंगे, यहां उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा।
#WATCH लखनऊ: AAP नेता संजय सिंह ने कहा, "मणिपुर में एक कारगिल योद्धा की पत्नी को निर्वस्त्र करके घुमाया गया... हजारों महिलाओं के साथ प्रज्वल रेवन्ना ने दरिंगदी की... प्रधानमंत्री कहते हैं ये(प्रज्वल रेवन्ना) भारत का भविष्य है... पहलवान बेटियां जब जंतर-मंतर पर लड़ रही थीं तो यही… pic.twitter.com/z2cSTbsrAO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 16, 2024
स्वाति मालीवाल केस पर संजय सिंह ने दिया जवाब
दिल्ली सीएम हाउस में सांसद स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी के मामले में सवालों पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव ने चुप्पी साध ली। सांसद संजय सिंह सामने आए। उन्होंने कहा कि मणिपुर में एक कारगिल योद्धा की पत्नी को निर्वस्त्र करके घुमाया गया। कर्नाटक में हजारों महिलाओं के साथ प्रज्वल रेवन्ना ने दरिंगदी की। उसे भाजपा ने देश के बाहर भगा दिया। प्रधानमंत्री कहते हैं ये (प्रज्वल रेवन्ना) भारत का भविष्य है। हमने कुलदीप सेंगर और हाथरस का भी मामला देखा है। लेकिन पीएम खामोश रहते हैं। पहलवान बेटियां जब जंतर-मंतर पर लड़ रही थीं तो स्वाति मालीवाल को घसीट घसीटकर पीटा गया था। इस पर राजनीति खेल नहीं खेलना चाहिए। यह पार्टी के अंदर का मामला है।