EOS-09: ISRO की 101वीं सैटेलाइट लॉन्चिंग विफल, उड़ान के दौरान PSLV-C61 में आई गड़बड़ी, इसरो प्रमुख बोले जांच करेंगे
EOS-09 launching
EOS-09 launch fails: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने रविवार (18 मई) सुबह 5.59 मिनट बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से अपना 101वां सैटेलाइट EOS-09 (अर्थ ऑब्जर्वेटरी सैटेलाइट) लॉन्च किया, लेकिन यह लॉन्चिंग असफल रही। इसरो अध्यक्ष वी नारायणन ने बताया, ईओएस-09 उपग्रह ले जाने वाले पोलर सैटेलाइट लॉन्चिंग व्हीकल (PSLV-C61) में उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आ गई थी, जिस कारण यह मिशन पूरा नहीं हो पाया।
इसरो प्रमुख वी नारायणन ने बताया, आज 101वें प्रक्षेपण का प्रयास किया गया। पहले और दूसरे फेज में PSLV-C61 का प्रदर्शन सामान्य रहा, लेकिन तीसरे चरण में गड़बड़ी का पता चला, जिस कारण मिशन पूरा नहीं हो पाया।
EOS-09 क्या है?
- इसरो के पूर्व वैज्ञानिक मनीष पुरोहित के मुताबिक, EOS-09 पहले के RISAT-1 का फॉलो ऑन मिशन है। इसकी ऊंचाई 44.5 मीटर और वजन 321 टन है। लॉन्चिंग के लिए 4 फेज में तय किए गए थे। जिसके तहत EOS-09 सैटेलाइट को सन सिंक्रोनस पोलर ऑर्बिट (SSPO) में स्थापित किया जाना था।
- EOS-09 यानी अर्थ ऑब्जर्वेटरी सैटेलाइट सी-बैंड सिंथेटिक अपर्चर रडार तकनीक से लैस एडवांस्ड ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट है। हर मौसम में यह दिन-रात पृथ्वी की सतह की हाई रिज़ॉल्यूशन तस्वीरें कैप्चर कर सकता है। इससे सर्विलांस और मैनेजमेंट सिस्टम मजबूत होगा।
- पृथ्वी अवलोकन उपग्रह-09 2022 में लॉन्च किए गए EOS-04 का अपडेटेड वर्जन था। इसे रिमोट सेंसिंग डेटा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया था।
पीएसएलवी-सी61 के साथ यह 101वां मिशन
इसरो प्रमुख ने मीडिया को बताया कि पीएसएलवी-सी61 के साथ यह 101वां मिशन बड़ी उपलब्धि होगी। जो हर मौसम में पृथ्वी अवलोकन क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा साथ ही अंतरिक्ष आधारित समाधानों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा।