जर्मनी से राहुल गांधी का भाजपा पर हमला: कहा- संविधान खत्म करना चाहती बीजेपी, ED-CBI बन चुकी हैं राजनीतिक हथियार
Rahul Gandhi Germany Visit Video: बर्लिन के हर्टी स्कूल में संबोधन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने BJP पर जमकर हमला बोला। उन्होने भाजपा पर संविधान कमजोर करने, ED-CBI के दुरुपयोग और चुनावी निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए।
जर्मनी में राहुल गांधी ने BJP पर संविधान कमजोर करने, ED-CBI के दुरुपयोग और चुनावी निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए।
Rahul Gandhi Germany Visit Video: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर संविधान की मूल भावना को कमजोर करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है। जर्मनी दौरे के दौरान बर्लिन के प्रतिष्ठित हर्टी स्कूल में छात्रों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि BJP देश को समानता और सहमति के सिद्धांत से दूर ले जाना चाहती है। कांग्रेस ने इस बातचीत का करीब एक घंटे का वीडियो सोमवार रात सार्वजनिक किया है।
हर्टी स्कूल में राहुल गांधी का संबोधन
राहुल गांधी 17 से 19 दिसंबर के बीच जर्मनी के दौरे पर थे। 18 दिसंबर को उन्होंने बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में छात्रों और शिक्षाविदों को संबोधित किया। इस संवाद में उन्होंने भारत की लोकतांत्रिक स्थिति, संविधान, अर्थव्यवस्था और वैश्विक राजनीति पर खुलकर विचार रखे। कांग्रेस पार्टी ने सोमवार देर रात इस पूरे सत्र का वीडियो जारी किया।
BJP संविधान की आत्मा को खत्म करना चाहती है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि BJP भारत के संविधान में निहित समानता के विचार को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाषाओं, धर्मों और राज्यों की बराबरी की अवधारणा को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। राहुल ने कहा, ''हम सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी से नहीं लड़ रहे, बल्कि उस व्यवस्था से लड़ रहे हैं जिसने संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है।''
ED-CBI विपक्ष को दबाने का औजार
राहुल गांधी ने जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ED और CBI का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं के खिलाफ राजनीतिक हथियार की तरह किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इन एजेंसियों की कार्रवाई लगभग पूरी तरह विपक्ष तक सीमित है, जबकि सत्तारूढ़ दल के नेताओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
चुनाव प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कई राज्यों के चुनावों का जिक्र करते हुए चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने हरियाणा, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के चुनावों का हवाला दिया और कहा कि मतदाता सूची और निष्पक्षता को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। महाराष्ट्र चुनावों को लेकर भी उन्होंने निष्पक्षता पर सवाल उठाए।
राहुल गांधी की 6 अहम बातें
- भारत में बड़े पैमाने पर रोजगार केवल मैन्युफैक्चरिंग से संभव है
- चीन के पास वैश्विक उत्पादन का बड़ा हिस्सा चला गया है
- नोटबंदी और GST से छोटे-मझोले उद्योगों को नुकसान
- देश दो विचारधाराओं की लड़ाई से गुजर रहा है
- एक सोच मजबूत नेता पर, दूसरी संवाद और सहमति पर भरोसा करती है
- भारत का भविष्य किसी एक व्यक्ति से तय नहीं हो सकता
RSS और शक्ति बनाम सच्चाई पर टिप्पणी
राहुल गांधी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि संघ के लिए शक्ति अधिक महत्वपूर्ण है, जबकि कांग्रेस सच्चाई और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि यही दोनों विचारधाराओं के बीच मूल अंतर है।
BJP का राहुल गांधी पर पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर BJP ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि खराब करते हैं। वहीं भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है।
राहुल गांधी ने BMW मुख्यालय का भी किया दौरा
जर्मनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने म्यूनिख में BMW के मुख्यालय का भी दौरा किया। यहां उन्होंने ऑटोमोबाइल सेक्टर और तकनीकी नवाचारों पर जानकारी ली और वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग मॉडल को समझा।