Weather Alert Today: उत्तराखंड-हिमाचल में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड से रास्ते बंद; केदारनाथ यात्रा रोकी गई
Weather Alert Today: उत्तराखंड और हिमाचल में मूसलधार बारिश और भूस्खलन से तबाही, केदारनाथ यात्रा अस्थाई रूप से रोकी गई। हिमाचल के मंडी में बादल फटने से 11 की मौत। IMD ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
India Today Weather Update
Weather Alert Today: उत्तराखंड में कुदरत का कहर जारी है। भारी बारिश और लैंडस्लाइड से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। चारधाम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घनघोर बारिश से बुधवार (2 जुलाई) की रात केदारनाथ मार्ग पर सोनप्रयाग के पास लैंडस्लाइड हुआ और रास्ता बंद हो गया। पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गया। केदारनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे 40 से ज्यादा यात्री फंस गए। SDRF टीम पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। हिमाचल के मंडी में बादल फटने और बाढ़ की वजह से कई लोग बेघर हो गए हैं। आसमान से आई आफत में अब तक 11 लोगों की जान ले ली।
अपील: मौसम देखकर की यात्रा की योजना बनाएं
रुद्रप्रयाग पुलिस ने बताया कि सोनप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत मुनकटिया स्लाइडिंग जोन में मलबा-पत्थर आने से मार्ग बाधित हुआ। फिलहाल केदारनाथ धाम यात्रा अस्थाई तौर पर रोकी गई है। मार्ग सुचारु होने पर यात्रा पुनः प्रारम्भ होगी। मौसम में सुधार होते ही मार्ग की मरम्मत का काम तेजी से शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा की योजना बनाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
हिमाचल में 11 की मौत
हिमाचल में भारी बारिश हो रही है। मंडी में बादल फटने और बाढ़ से 11 लोगों की मौत हो गई। अब भी 34 लोग लापता हैं। बुधवार को 6 और शव मिले। खराब मौसम के चलते राहत कार्य में दिक्कत आ सकती है क्योंकि मौसम विभाग ने कई जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।
आज इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कोंकण गोवा, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, ओडिशा, सौराष्ट्र, कच्छ, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, असम, मेघालय, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यूपी, एमपी, CG, हरियाणा और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। 30 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर, कोरिया और GPM चार जिलों में बिजली गिरने और भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हरियाणा में बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है। 3 जिलों में तेज बारिश और 14 जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। राजस्थान के हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर को छोड़कर सभी जिलों में गुरुवार बारिश का येलो अलर्ट है। मध्य प्रदेश के जबलपुर समेत 17 जिलों में होने की संभावना है। बिहार के 38 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।