Himachal Bus Accident: नालागढ़ में बड़ा हादसा, खाई में गिरी HRTC बस, 40 यात्री घायल

नालागढ़ (हिमाचल प्रदेश) में हिमाचल रोडवेज की बस खाई में गिरने से बड़ा हादसा। 40 से ज्यादा यात्री घायल। राहत-बचाव कार्य जारी, प्रशासन अलर्ट पर।

Updated On 2025-07-01 12:57:00 IST

नालागढ़ में खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज की बस, 40 यात्री घायल

Himachal bus accident : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आज (1 जुलाई 2025, मंगलवार) सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) की बस नालागढ़ उपमंडल में अनियंत्रित होकर गहरी खाईं में गिर गई, जिससे कम से कम 40 यात्री घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब बस नालागढ़ से भरतगढ़ की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि मोड़ पर चालक का बस से नियंत्रण हट गया और वाहन सीधे खाई में जा गिरा।

मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और घायलों को नालागढ़ के सिविल अस्पताल व कुछ को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। बस में करीब 50 लोग सवार थे। जिनमें कई स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं।

8 यात्रियों की हालत गंभीर 
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, 8 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम नालागढ़ और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन टीम को तैनात किया है और दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

हादसे की वजह: ब्रेक फेल या मोड़ पर चूक?
हादसे की शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि ब्रेक फेल होने या चालक की चूक इसकी वजह हो सकती है। हालांकि, आधिकारिक रिपोर्ट आने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। हादसे के समय मौसम भी खराब था, जिससे सड़कें फिसलन भरी थीं।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, राहत राशि की घोषणा
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा, सरकार घायलों की हर संभव मदद करेगी। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹50,000 और सामान्य घायलों को ₹10,000 की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

दूसरा बड़ा बस हादसा 
यह हादसा हिमाचल प्रदेश में हाल के दिनों में हुआ दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। राज्य के दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं, जिससे सड़क सुरक्षा और वाहन फिटनेस पर सवाल उठते हैं।

Tags:    

Similar News