मुंबई एयरपोर्ट: उड़ान भरते ही रनवे पर गिरा पहिया, स्पाइसजेट फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

स्पाइसजेट Q400 का टेकऑफ के बाद बाहरी पहिया गिरा, मुंबई एयरपोर्ट में इमरजेंसी लैंडिंग। सभी 78 यात्री सुरक्षित, एयरपोर्ट परिचालन बहाल।

Updated On 2025-09-12 18:24:00 IST

टेकऑफ के बाद गिरा पहिया, स्पाइसजेट फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग।  

Spicejet flight Emergency landing: गुजरात के कांडला से मुंबई आ रहे स्पाइसजेट के बॉम्बार्डियर Q400 (DHC8-400) विमान में तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैडिंग करानी पड़ी। मुंबई एयरपोर्ट में टेकऑफ करते ही फ्लाइट का बाहरी पहिया रनवे पर गिर गया। घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया।

स्पाइसजेट की फ्लाइट (SG-2906) शुक्रवार (12 सितंबर) दोपहर 2:39 बजे कांडला एयरपोर्ट के रनवे नंबर 23 से टेकऑफ हुई। तभी टावर कंट्रोलर ने रनवे पर काले रंग की बड़ी वस्तु (विमान का बाहरी पहिया) गिरते देखा। मौके पर पहुंची टीम ने पहिया गिरने की पुष्टि की।

विमान में सवार थे 78 यात्री

फ्लाइट ने दोपहर 3:51 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर तकनीकी खराबी की सूचना मिलने पर इमरजेंसी लैंडिंग की। एयरपोर्ट प्रशासन ने फुल इमरजेंसी घोषित किया, लेकिन विमान रनवे नंबर 27 पर सुरक्षित उतरा। विमान में चालक दल समेत लगभग 78 यात्री सवार थे, सभी सुरक्षित हैं। लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट परिचालन सामान्य हो गया।

स्पाइसजेट ने क्या कहा? 

स्पाइसजेट एयरलाइंस कंपनी के प्रवक्ता ने बताया, 12 सितंबर को कांडला से मुंबई जा रहे Q400 विमान का बाहरी पहिया टेकऑफ के बाद रनवे पर पाया गया। विमान ने मुंबई की यात्रा जारी रखी और सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्री सामान्य रूप से विमान से उतरे।

पहले भी हुई थी तकनीकी खराबी

स्पाइसजेट के विमान की इमरजेंसी लैडिंग की यह कोई पहली घटना नहीं है, 29 अगस्त को दिल्ली-श्रीनगर फ्लाइट (SG-385) को केबिन प्रेशर की समस्या के कारण श्रीनगर एयरपोर्ट पर प्रायोरिटी लैंडिंग करानी पड़ी थी। इस फ्लाइट में 4 बच्चे समेत 205 यात्री और 7 क्रू मेम्बर सवार थे।

ट्राइसाइकिल लैंडिंग गियर सिस्टम 

बॉम्बार्डियर DHC8-400 में ट्राइसाइकिल लैंडिंग गियर सिस्टम होता है। इसके नोज गियर पर दो पहिये और प्रत्येक मुख्य लैंडिंग गियर पर दो-दो पहिये होते हैं। इस घटना में विमान का बाहरी पहिया रनवे पर गिरा था।

Tags:    

Similar News