Mosquito Spray: मच्छरों ने कर दिया है परेशान? नेचुरल चीजों से बनाएं 4 मॉस्किटो स्प्रे, छिड़कते ही घर से होंगे बाहर!

Mosquito Spray: गर्मी के सीजन में मच्छरों की समस्या काफी ज्यादा हो जाती है। ऐसे में घर की कुछ चीजों से आप नेचुरल मॉस्किटो स्प्रे तैयार कर सकते हैं, जो कि मच्छरों को घर में टिकने नहीं देंगे।

By :  Desk
Updated On 2025-05-03 14:45:00 IST
मच्छरों को भगाने वाले स्प्रे तैयार करने के तरीके।

Mosquito Spray: गर्मियों के मौसम में घरों में मच्छरों की समस्या काफी बढ़ जाती है। मच्छर न सिर्फ काटते हैं बल्कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियाँ भी फैलाते हैं। बाजार में मिलने वाले मॉस्किटो स्प्रे में केमिकल्स होते हैं, जो सांस और त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में घरेलू और प्राकृतिक उपाय अपनाना सेहत के लिए बेहतर और किफायती भी होता है। आप चाहें तो बेहद सरलता से घर में ही मच्छरों को भगाने वाला प्रभावी नेचुरल स्प्रे तैयार कर सकते हैं। 

नीम, कपूर, तुलसी, लेमनग्रास और लहसुन जैसी चीजें हमारे घर में आसानी से मिल जाती हैं और इनका मच्छर भगाने में बेहतरीन असर होता है। इनसे बने नेचुरल स्प्रे न केवल मच्छरों को दूर रखते हैं बल्कि वातावरण को भी ताजगी देते हैं। आइए जानें ऐसे ही कुछ आसान घरेलू स्प्रे बनाने के तरीके।

नेचुरल चीजों से तैयार करें 4 स्प्रे

नीम और कपूर वाला मॉस्किटो स्प्रे
सामग्री: 1/2 कप नीम का तेल, 1/2 कप पानी, 2-3 कपूर की गोलियां
विधि: नीम के तेल और पानी को अच्छी तरह मिलाएं। अब उसमें कपूर की गोलियां पीसकर डालें। इस मिश्रण को एक स्प्रे बोतल में भर लें। इसे कमरे के कोनों, पर्दों और सोने से पहले पलंग के चारों ओर स्प्रे करें। नीम की गंध और कपूर की भाप मच्छरों को दूर रखती है।

इसे भी पढ़ें: Kitchen Heat: गर्मी में किचन रहेगा 'ठंडा-ठंडा, कूल-कूल', 5 आसान ट्रिक्स करेंगे कमाल, आप भी जान लें

तुलसी और लेमनग्रास स्प्रे
सामग्री: 10 तुलसी की पत्तियां, 1 चम्मच लेमनग्रास का तेल, 1 कप पानी
विधि: तुलसी की पत्तियों को पानी में 10 मिनट तक उबालें और ठंडा होने दें। अब उसमें लेमनग्रास का तेल मिलाएं और स्प्रे बोतल में भर लें। इस स्प्रे को खिड़कियों, दरवाज़ों और बैड के पास छिड़कें। यह मच्छरों के अलावा मक्खियों को भी दूर रखता है।

लहसुन का मॉस्किटो स्प्रे
सामग्री: 4-5 लहसुन की कलियां, 1 कप पानी, 1 चम्मच नींबू का रस
विधि: लहसुन की कलियों को पानी में उबालें और ठंडा होने पर उसमें नींबू का रस मिलाएं। अब इसे छानकर स्प्रे बोतल में डालें। यह मिश्रण मच्छरों को बहुत तेज़ गंध से भगाता है, लेकिन कमरे में थोड़ी देर बाद गंध खुद ही हल्की हो जाती है।

इसे भी पढ़ें: Clay Pot: पुराना मटका बन जाएगा फ्रिज़! 3 चीजों को मिलाकर कर लें अंदर से साफ, हर कोई पूछेगा तरीका

लौंग और नारियल तेल स्प्रे
सामग्री: 10 लौंग, 1/2 कप नारियल तेल
विधि: लौंग को पीसकर नारियल तेल में मिलाएं और कुछ घंटे छोड़ दें। अब इसे छानकर स्प्रे बोतल में भर लें। यह शरीर पर भी लगाया जा सकता है, जिससे मच्छर काटते नहीं हैं।

 

(कीर्ति)

Similar News