Rava Dosa Recipe: बच्चों के लिए रवा से बनाएं टेस्टी डोसा, नाश्ता बनेगा परफेक्ट, सीखें तरीका

Rava Dosa Recipe: रवा डोसा टेस्टी और हेल्दी ब्रेकफास्ट रेसिपी है, जिसे आसानी से बनाया जा सकता है। जानते हैं इसे तैयार करने की विधि।

Updated On 2025-10-09 09:00:00 IST

रवा डोसा बनाने की आसान विधि।

Rava Dosa Recipe: सुबह-सुबह बच्चों के लिए टेस्टी और हेल्दी नाश्ता तैयार करना हर मां की चाहत होती है। ऐसे में अगर कुछ झटपट और स्वादिष्ट मिल जाए तो क्या कहने। रवा से बना डोसा यानी सूजी डोसा ब्रेकफास्ट का एक बेहतरीन ऑप्शन है। यह न केवल हल्का और क्रिस्पी होता है बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। सबसे खास बात यह कि इसमें फर्मेंटेशन की जरूरत नहीं होती, इसलिए इसे तुरंत तैयार किया जा सकता है।

अगर बच्चे हर दिन वही पराठा या ब्रेड खाकर बोर हो गए हैं, तो यह रवा डोसा आपके नाश्ते में एक स्वादिष्ट बदलाव लाएगा। इसे आप दही या नारियल चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं। रवा डोसा में सब्जियां डालकर इसे और ज्यादा पौष्टिक बनाया जा सकता है।

रवा डोसा बनाने के लिए सामग्री

  • सूजी (रवा) - 1 कप
  • दही - 1/2 कप
  • चावल का आटा - 2 टेबलस्पून (क्रिस्पीनेस के लिए)
  • प्याज - 1 (बारीक कटा हुआ)
  • हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी)
  • अदरक - 1/2 टीस्पून (कद्दूकस किया हुआ)
  • हरा धनिया - 2 टेबलस्पून
  • नमक - स्वादानुसार
  • तेल - सेंकने के लिए
  • पानी - जरूरत अनुसार

रवा डोसा बनाने का तरीका

रवा डोसा एक टेस्टी ब्रेकफास्ट रेसिपी है जिसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में रवा, दही और चावल का आटा डालें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर पतला घोल तैयार करें।

ध्यान रखें कि बैटर बहुत गाढ़ा न हो, यह थोड़ा पतला होना चाहिए ताकि डोसा क्रिस्पी बने। अब इसमें नमक, प्याज, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया मिलाएं। घोल को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि रवा फूल जाए।

नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और हल्का तेल लगाएं। अब एक करछी घोल लेकर तवे पर चारों ओर फैलाते हुए डालें। गैस को मीडियम फ्लेम पर रखें ताकि डोसा अच्छी तरह सिके।

ऊपर से थोड़ा तेल डालें और डोसे के किनारे सुनहरे व क्रिस्पी होने तक सेंकें। इसे दोनों तरफ से पलटने की जरूरत नहीं होती। तैयार डोसा को प्लेट में निकालें और चटनी या सांभर के साथ परोसें। रवा डोसा बच्चों को खूब पसंद आएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News