Hariyali Matki Khichdi: डिनर के लिए हरियाली मटकी खिचड़ी बनाएं, स्वाद मिलेगा लाजवाब

Hariyali Matki Khichdi: हरियाली मटकी खिचड़ी स्वाद से भरपूर होती है और इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। जानते हैं इसे बनाने का तरीका।

Updated On 2025-10-03 18:12:00 IST

हरियाली मटकी खिचड़ी बनाने का तरीका।

Hariyali Matki Khichdi: खिचड़ी भारतीय भोजन का अहम हिस्सा है, जिसे हल्का और पौष्टिक माना जाता है। लेकिन जब इसमें हरी सब्जियों और अंकुरित मटकी का स्वाद जुड़ जाता है, तो इसका मजा और भी बढ़ जाता है। हरियाली मटकी खिचड़ी न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि हेल्थ के लिहाज से भी फायदेमंद है। यह डिश बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए परफेक्ट मानी जाती है।

यह खिचड़ी हरी पत्तेदार सब्जियों और मटकी के मेल से तैयार होती है, जिसमें प्रोटीन, फाइबर और आयरन भरपूर मात्रा में होता है। खासकर उन लोगों के लिए यह डिश बेस्ट है जो हेल्दी और सुपाच्य खाना चाहते हैं। आइए जानते हैं हरियाली मटकी खिचड़ी बनाने का आसान तरीका।

हरियाली मटकी खिचड़ी के लिए सामग्री

  • अंकुरित मटकी - 1 कप
  • चावल - 1/2 कप
  • पालक - 1 कप
  • धनिया - 1/2 कप
  • हरी मिर्च - 2
  • अदरक - 1 इंच टुकड़ा
  • लहसुन - 4-5 कलियां
  • प्याज - 1 (बारीक कटा)
  • टमाटर - 1 (बारीक कटा)
  • जीरा - 1 छोटा चम्मच
  • हल्दी - 1/2 छोटा चम्मच
  • घी/तेल - 2 छोटे चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार
  • पानी - आवश्यकतानुसार

हरियाली मटकी खिचड़ी बनाने का तरीका

स्वाद और पोषण से भरपूर हरियाली मटकी खिचड़ी लंच और डिनर के लिए परफेक्ट है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले चावल और अंकुरित मटकी (मूंग) को अच्छी तरह धो लें। फिर इन्हें करीब 15 मिनट तक पानी में भिगोकर रख दें।

अब मिक्सर में पालक, धनिया पत्ती, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन डालकर एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। यही पेस्ट खिचड़ी को खास हरियाली स्वाद देगा।

इसके बाद प्रेशर कुकर में घी या तेल गरम करें। उसमें जीरा डालकर तड़काएं। इसके बाद प्याज डालें और सुनहरा भूरा होने तक भूनें। फिर टमाटर डालकर अच्छी तरह पकाएं।

अब कुकर में तैयार हरा पेस्ट डालकर 2-3 मिनट तक भूनें। इसमें हल्दी और नमक मिलाकर अच्छे से चलाएं। अब इसमें भिगोए हुए चावल और अंकुरित मटकी डालकर मसाले में अच्छे से मिलाएं।

जरूरत के मुताबिक पानी डालकर कुकर का ढक्कन बंद करें। 2-3 सीटी आने तक पकाएं। गैस बंद करके कुकर ठंडा होने दें। कुकर खोलने पर आपकी गरमा-गरम हरियाली मटकी खिचड़ी तैयार है। इसे दही, अचार या पापड़ के साथ परोसें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News