Coconut Chutney: साउथ इंडियन नारियल चटनी स्वाद से है भरपूर, बनाने का यह तरीका है ईज़ी

Coconut Chutney: नारियल से बनी चटनी बेहद स्वादिष्ट लगती है। इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। जानते हैं इसे बनाने की विधि।

Updated On 2026-01-15 13:50:00 IST

नारियल चटनी बनाने का तरीका।

Coconut Chutney: साउथ इंडियन खाने की बात हो और नारियल चटनी का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। इडली, डोसा, वड़ा या उपमा हर डिश के साथ नारियल चटनी स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है। इसकी खुशबू, हल्का मीठा स्वाद और तड़के की महक इसे खास बना देती है।

अक्सर लोग सोचते हैं कि साउथ इंडियन स्टाइल की नारियल चटनी घर पर बनाना मुश्किल है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। कुछ आसान सामग्री और सही तरीका अपनाकर आप कुछ ही मिनटों में होटल जैसी स्वादिष्ट नारियल चटनी तैयार कर सकते हैं।

नारियल चटनी बनाने के लिए सामग्री

  • ताजा कद्दूकस किया नारियल - 1 कप
  • भुनी हुई चना दाल - 2 बड़े चम्मच
  • हरी मिर्च - 1 से 2 (स्वादानुसार)
  • अदरक - 1/2 इंच टुकड़ा
  • नमक - स्वादानुसार
  • पानी - आवश्यकतानुसार

तड़के के लिए

  • तेल - 1 छोटा चम्मच
  • राई (सरसों के दाने) - 1/2 छोटा चम्मच
  • उड़द दाल - 1/2 छोटा चम्मच
  • सूखी लाल मिर्च - 1
  • करी पत्ता - 8 से 10 पत्ते

नारियल चटनी बनाने का तरीका

नारियल से बनी चटनी बेहद स्वादिष्ट लगती है। इसे तैयार करने के लिए मिक्सर जार में कद्दूकस किया नारियल, भुनी हुई चना दाल, हरी मिर्च, अदरक और नमक डालें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए चटनी पीस लें। ध्यान रखें कि चटनी ज्यादा पतली न हो, इसका टेक्सचर हल्का गाढ़ा और स्मूद होना चाहिए।

पीसने के बाद चटनी का स्वाद चख लें। जरूरत हो तो नमक या हरी मिर्च की मात्रा एडजस्ट कर सकते हैं। चाहें तो इसमें थोड़ा सा इमली का पानी भी मिला सकते हैं, जिससे हल्की खट्टास आ जाए।

एक छोटे पैन में तेल गरम करें। इसमें राई डालें और चटकने दें। अब उड़द दाल डालकर हल्की सुनहरी होने तक भूनें। इसके बाद सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालें। तड़के की खुशबू आते ही गैस बंद कर दें।

तैयार तड़का तुरंत पिसी हुई नारियल चटनी के ऊपर डाल दें। चम्मच से हल्का सा मिला लें ताकि तड़के का स्वाद पूरी चटनी में फैल जाए। यह साउथ इंडियन स्टाइल नारियल चटनी इडली, डोसा, वड़ा, उपमा और पोंगल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News