Besan Suji Appe: बच्चों को खूब पसंद आएंगे बेसन-सूजी के अप्पे, 15 मिनट में इस तरह करें तैयार

Besan Suji Appe: बेसन सूजी के अप्पे एक इनोवेटिव स्नैक्स आइडिया है जो काफी पसंद किया जाता है। जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

Updated On 2025-11-09 09:00:00 IST

बेसन सूजी अप्पे बनाने का तरीका।

Besan Suji Appe: अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ हेल्दी और झटपट बनने वाला ढूंढ रहे हैं, तो बेसन-सूजी के अप्पे एक बढ़िया ऑप्शन हैं। ये साउथ इंडियन डिश न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि इसे बनाने में तेल की मात्रा भी बहुत कम लगती है। बेसन और सूजी का मिश्रण इसे प्रोटीन और फाइबर से भरपूर बनाता है, जिससे ये पेट भरने के साथ-साथ एनर्जी भी देता है।

बच्चों के टिफिन से लेकर ऑफिस ब्रेक तक, ये अप्पे हर मौके पर फिट बैठते हैं। खास बात यह है कि इसमें सब्ज़ियां मिलाकर इसका न्यूट्रिशन और भी बढ़ाया जा सकता है। तो चलिए जानते हैं, कैसे बनाएं बेसन-सूजी के सॉफ्ट और क्रिस्पी अप्पे जो सबका दिल जीत लें।

बेसन सूजी अप्पे बनाने के लिए सामग्री

  • बेसन - 1 कप
  • सूजी - 1/2 कप
  • दही - 1/2 कप
  • बारीक कटी प्याज़ - 1
  • बारीक कटी गाजर - 1 छोटी
  • हरी मिर्च - 1 बारीक कटी
  • अदरक का पेस्ट - 1/2 छोटा चम्मच
  • राई के दाने - 1/2 छोटा चम्मच
  • करी पत्ते - 6-7
  • नमक - स्वादानुसार
  • बेकिंग सोडा - एक चुटकी
  • तेल - अप्पे सेकने के लिए
  • पानी - आवश्यकतानुसार

बेसन सूजी अप्पे बनाने का तरीका

बेसन और सूजी से तैयार होने वाले अप्पे इस स्नैक्स का एक टेस्टी ट्वि्स्ट है। इसे तैयार करने के लिए एक बाउल में बेसन और सूजी डालें। अब इसमें दही और थोड़ा पानी डालकर मीडियम कंसिस्टेंसी का घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न तो बहुत पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा।

अब इसमें बारीक कटी सब्ज़ियां, अदरक का पेस्ट, हरी मिर्च, नमक और एक चुटकी बेकिंग सोडा डालें। इसे अच्छी तरह मिलाकर 10 मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी फूल जाए।

एक छोटी कढ़ाई में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें राई के दाने और करी पत्ते डालकर तड़काएं। अब इस तड़के को तैयार घोल में डाल दें और अच्छी तरह मिक्स करें। यह तड़का अप्पे को बेहतरीन फ्लेवर देता है।

अब अप्पे पैन को गैस पर रखें और हर खांचे में थोड़ा तेल डालें। पैन गर्म हो जाने पर हर खांचे में थोड़ा-थोड़ा घोल डालें। ढककर मीडियम आंच पर 2-3 मिनट तक पकाएं।

अब अप्पे को पलटें और दूसरी तरफ से भी सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। जब दोनों तरफ से सुनहरे ब्राउन हो जाएं, तो अप्पे तैयार हैं। बेसन-सूजी के गरमागरम अप्पे को नारियल की चटनी, हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News