Kadai Paneer: होटल जैसा कड़ाही पनीर घर पर बनाना है आसान, इस तरीके से पाएं लाजवाब स्वाद

Kadai Paneer: कड़ाही पनीर देखते ही कई लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। होटल जैसा लाजवाब स्वाद आप घर पर भी हासिल कर सकते हैं।

Updated On 2026-02-03 19:50:00 IST

कड़ाही पनीर बनाने का आसान तरीका।

Kadai Paneer: जब भी बाहर खाने की बात आती है, तो वेजिटेरियन लोगों की पहली पसंद अक्सर कड़ाही पनीर होती है। मसालों की खुशबू, पनीर की नरमी और शिमला मिर्च-प्याज का देसी तड़का इस सबका कॉम्बिनेशन इसे खास बना देता है। यही वजह है कि कड़ाही पनीर हर ढाबे और रेस्टोरेंट के मेन्यू में जरूर नजर आती है।

अच्छी बात यह है कि कड़ाही पनीर को घर पर बनाना बिल्कुल मुश्किल नहीं है। सही मसाले और सही तरीका अपनाया जाए, तो इसका स्वाद होटल से भी बेहतर आ सकता है। आइए जानते हैं कड़ाही पनीर बनाने की आसान और परफेक्ट रेसिपी।

कड़ाही पनीर बनाने की सामग्री

  • 250 ग्राम पनीर (चौकोर टुकड़ों में कटा)
  • 2 मध्यम प्याज (चौकोर कटे)
  • 1 शिमला मिर्च (चौकोर कटी)
  • 2 टमाटर (प्यूरी या बारीक कटे)
  • 2 टेबलस्पून तेल या मक्खन
  • 1 टीस्पून अदरक-लहसुन पेस्ट
  • नमक स्वादानुसार
  • हरा धनिया (गार्निश के लिए)

कड़ाही मसाला के लिए

  • 1 टीस्पून साबुत धनिया
  • 3-4 सूखी लाल मिर्च
  • 1/2 टीस्पून जीरा

कड़ाही पनीर बनाने की विधि

स्टेप 1: कड़ाही मसाला तैयार करें

सबसे पहले एक पैन में साबुत धनिया, सूखी लाल मिर्च और जीरा को हल्का सा भून लें। ठंडा होने पर इन्हें दरदरा पीस लें। यही कड़ाही पनीर का खास मसाला है।

स्टेप 2: बेस ग्रेवी बनाएं

कड़ाही में तेल या मक्खन गरम करें। इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर हल्का भूनें। अब टमाटर प्यूरी डालें और तब तक पकाएं, जब तक तेल अलग न हो जाए।

स्टेप 3: मसाले मिलाएं

अब तैयार किया हुआ कड़ाही मसाला और नमक डालें। अच्छी तरह मिलाकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट पकाएं, ताकि मसालों की खुशबू निकल आए।

स्टेप 4: सब्जियां और पनीर डालें

अब प्याज और शिमला मिर्च डालकर तेज आंच पर 2 मिनट चलाएं। इसके बाद पनीर के टुकड़े डालें और हल्के हाथ से मिक्स करें।

स्टेप 5: फाइनल टच

अगर जरूरत लगे तो थोड़ा सा पानी डालें। 3-4 मिनट पकाने के बाद गैस बंद करें और ऊपर से हरा धनिया डालें।

परोसने का सही तरीका

कड़ाही पनीर को गरमा-गरम नान, रोटी, पराठा या जीरा राइस के साथ परोसें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा मक्खन भी डाल सकते हैं।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

(लेखक:कीर्ति)

Tags:    

Similar News