Constipation Relief: सुबह पेट साफ होने में होती है परेशानी? इन 5 घरेलू नुस्खों से जल्द मिलेगी राहत
Constipation Relief: कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनका पेट ठीक से साफ नहीं होता है। लगातार कब्ज बनी रहती है। ऐसे में कुछ घरेलू उपाय आज़माएं।
कब्ज दूर करने वाले घरेलू उपाय।
Constipation Relief: आजकल बदलती लाइफस्टाइल, गलत खानपान और तनाव की वजह से सुबह पेट साफ न होना एक आम समस्या बनती जा रही है। कई लोग रोज़ इस परेशानी से जूझते हैं, जिससे दिन की शुरुआत भारीपन, गैस और चिड़चिड़ेपन के साथ होती है। लंबे समय तक कब्ज की समस्या बनी रहे तो यह सेहत पर बुरा असर डाल सकती है।
अगर आप भी सुबह टॉयलेट में ज्यादा समय बिताने को मजबूर हैं या बिना पूरी तरह पेट साफ हुए ही बाहर आना पड़ता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपनाकर इस समस्या से राहत पाई जा सकती है। खास बात यह है कि ये उपाय नेचुरल हैं और रोजमर्रा की दिनचर्या में आसानी से शामिल किए जा सकते हैं।
कब्ज क्यों होती है?
पेट साफ न होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे फाइबर की कमी, कम पानी पीना, देर रात खाना, ज्यादा तला-भुना भोजन और फिजिकल एक्टिविटी की कमी। इसके अलावा तनाव और नींद की कमी भी पाचन तंत्र को कमजोर कर देती है।
गुनगुना पानी पीने की आदत डालें: सुबह उठते ही एक या दो गिलास गुनगुना पानी पीने से आंतों की सफाई में मदद मिलती है। यह पाचन तंत्र को एक्टिव करता है और मल त्याग को आसान बनाता है। चाहें तो इसमें थोड़ा सा नींबू रस भी मिला सकते हैं।
इसबगोल का सही इस्तेमाल: रात को सोने से पहले एक गिलास गुनगुने दूध या पानी के साथ एक चम्मच इसबगोल लेने से कब्ज की समस्या में काफी राहत मिलती है। इसमें मौजूद फाइबर मल को नरम बनाकर पेट साफ करने में मदद करता है।
फाइबर युक्त आहार लें: डाइट में हरी सब्जियां, फल, सलाद, दलिया और साबुत अनाज को शामिल करना बेहद जरूरी है। पपीता, अमरूद और सेब जैसे फल पेट के लिए फायदेमंद माने जाते हैं और नियमित रूप से लेने पर कब्ज दूर करते हैं।
देसी घी का सेवन करें: रात को सोने से पहले एक चम्मच देसी घी गुनगुने दूध के साथ लेने से आंतों की ड्रायनेस दूर होती है। यह उपाय खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिन्हें लंबे समय से पेट साफ न होने की शिकायत रहती है।
रोजाना हल्की एक्सरसाइज करें: सुबह की सैर, योग या हल्की स्ट्रेचिंग करने से पाचन तंत्र मजबूत होता है। खासतौर पर पवनमुक्तासन और मालासन जैसे योगासन पेट साफ करने में मददगार माने जाते हैं।
कब डॉक्टर से संपर्क करें?
अगर घरेलू उपायों के बावजूद कब्ज की समस्या लंबे समय तक बनी रहे, पेट में तेज दर्द या खून आने जैसी दिक्कत हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी डॉक्टर/विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)