Health Tips: गर्मियों में आंखों की जलन और सूजन से हैं परेशान? जानें 6 बड़े कारण और 5 असरदार घरेलू उपाय

गर्म हवाएं, तेज धूप और पसीना सिर्फ त्वचा ही नहीं, बल्कि आंखों की सेहत पर भी असर डालते हैं। आइए जानते हैं गर्मियों में आंखों की जलन के कारणों और इससे बचाव के बारे में।

Updated On 2025-05-20 19:03:00 IST

Health Tips: गर्मी का मौसम जहां एक ओर राहत देने वाले आम, ठंडी ठंडी कुल्फी और छुट्टियों की सौगात लेकर आता है, वहीं दूसरी ओर तेज धूप, गर्म हवाएं और उमस शरीर के साथ-साथ आंखों को भी बुरी तरह प्रभावित करती हैं।

यही वजह है कि इस मौसम में आंखों की जलन, खुजली, सूजन और लालिमा जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं।


आंखों में जलन और सूजन के 6 आम कारण- 

1. तेज धूप और UV किरणें

सूरज की हानिकारक अल्ट्रावायलेट किरणें आंखों की सतह को नुकसान पहुंचा सकती हैं, जिससे जलन और लालिमा हो सकती है।

2. धूल और प्रदूषण

गर्मी के मौसम में हवा में मौजूद धूल और धुएं से आंखों में एलर्जी हो सकती है, जो जलन और खुजली का कारण बनती है।

3. अत्यधिक स्क्रीन टाइम

मोबाइल, लैपटॉप या टीवी स्क्रीन पर घंटों बिताने से आंखें थक जाती हैं और उनमें ड्रायनेस और जलन महसूस होती है।

4. पसीना और संक्रमण

चेहरे पर बहता पसीना आंखों में जाकर संक्रमण फैला सकता है, जिससे सूजन या जलन हो सकती है।

5. कॉन्टैक्ट लेंस की लापरवाही

गर्मी में अगर आप बिना साफ किए या लंबे समय तक कॉन्टैक्ट लेंस पहनते हैं तो इससे आंखों में इन्फेक्शन हो सकता है।

6. एलर्जिक रिएक्शन

गर्मियों में परागकण (pollen), धूल या कुछ खास दवाओं से एलर्जी की समस्या बढ़ सकती है, जो सीधे आंखों को प्रभावित करती है।


ये 5 घरेलू उपाय दिलाएंगे राहत- 

1. दिन में 2-3 बार ठंडे पानी से आंखों को धोना जलन कम करने और ताजगी देने में मदद करता है।

2. आंखों में 2-3 बूंद शुद्ध गुलाब जल डालने से सूजन और जलन से राहत मिलती है।

3. फ्रिज में रखे खीरे की स्लाइस को आंखों पर रखने से ठंडक मिलती है और सूजन भी कम होती है।

4. इस्तेमाल किए हुए ठंडे टी बैग्स (ग्रीन टी या कैमोमाइल) को आंखों पर रखने से इंफ्लेमेशन में राहत मिलती है।

5. अगर जलन एलर्जी के कारण है तो डॉक्टर से सलाह लेकर आंखों के लिए एंटी-एलर्जिक ड्रॉप्स का इस्तेमाल करें।


काजल सोम 

Similar News