KBC 17: आदित्य कुमार के सामने क्या है 7 करोड़ का सवाल? पहले करोड़पति बनकर रचा इतिहास
कौन बनेगा करोड़पति 17 को अपना पहला करोड़पति मिल गया है। उत्तराखंड के CISF अधिकारी आदित्य कुमार ने शो में 1 करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रच दिया। जानिए उनके बारे में।
CISF अफसर आदित्य कुमार बने केबीसी 17 के पहले करोड़पति
Kaun Banega Crorepati 17 First Crorepati: मेगास्टार अमिताभ बच्चन दर्शकों के चहेते क्विज रिएलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति के 17वें सीजन के साथ लौट चुके हैं। 11 अगस्त से शुरू हुए इस शो को महज 10 दिनों में अपना पहला करोड़पति मिल गया है। जी हां, उत्तराखंड के रहने वाले CISF अधिकारी आदित्य कुमार ने इस सीज़न में 1 करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रच दिया है।
आदित्य कुमार ने कठिन सवालों का जवाब देकर 1 करोड़ रुपए अपने नाम कर लिए हैं। शो के ताज़ा प्रोमो में देखा जा सकता है कि जैसे ही अमिताभ बच्चन उनकी जीत की घोषणा करते हैं तो वे हॉटसीट से गर्व से उठकर आदित्य को गले लगा लेते हैं। अब उनके सामने 7 करोड़ का सवाल है। शो में आदित्य से 7 करोड़ जीतने के लिए सवाल किया जाएगा।
कौन हैं 1 करोड़ जीतने वाले आदित्य कुमार?
आदित्य कुमार फिलहाल गुजरात के एक थर्मल पावर प्लांट में तैनात हैं और CISF में डिप्टी कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा परीक्षाओं में उन्होंने पूरे देश में छठा स्थान हासिल किया था। शो में आदित्य ने अपनी संघर्षभरी यात्रा भी बताई। उन्होंने बताया कि सफलता पाने के लिए उन्होंने एक साल तक खुद को दोस्तों और दुनिया से अलग कर पढ़ाई पर ध्यान फोकस किया। इसी मेहनत की वजह से आज वे यहां तक पहुंचे हैं।
करोड़पति बनने के बाद आदित्य के चेहरे की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने मंच पर अमिताभ बच्चन को गले लगाते हुए कहा कि यह पल उनके लिए अविश्वसनीय है। उनके माता-पिता भी शो में मौजूद थे, जिन्होंने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की और जोरदार तालियां बजाईं।
प्रोमो के अंत में यह भी दिखाया गया कि आदित्य अब 7 करोड़ रुपये के सवाल का सामना करने जा रहे हैं। गौरतलब है कि कौन बनेगा करोड़पति 17 का प्रसारण 11 अगस्त से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और SonyLiv पर हो रहा है। यह शो सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे प्रसारित होता है।