Viral: Ex गर्लफ्रेंड रीना रॉय के लिए शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखी प्यार भरी बातें, हैरान रह गए फैंस, बोले- 'क्यों उड़ता तीर ले रहे हैं'

बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी को-स्टार रहीं रीना रॉय को उनके 69वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। कभी एक जमाने में रीना रॉय के प्यार में रहे शत्रुघ्न का ये पोस्ट देख फैंस सकते में आ गए।

Updated On 2026-01-08 15:32:00 IST

शत्रुघ्न सिन्हा ने रीना रॉय को किया बर्थडे विश (Photo- X)

Shatrughan Sinha-Reena Roy: बॉलीवुड गलियारों में सितारों के बीच पनपते प्यार की दास्तां किसी से छिपती नहीं। एक दौर था जब शत्रुघ्न सिन्हा अभिनेत्री रीना रॉय के प्यार में थे। हालांकि ये प्यार केवल दोस्ती तक ही सीमित रह गई। अब कई सालों बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने पुराने प्यार को उजागर करते हुए रीना रॉय को बर्थडे विश किया है।  

अभिनेता ने रीना रॉय के 69वें जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर बेहद प्यार भरे अंदाज में शुभकामनाएं दीं और साथ ही उन्हें अपना “बहुत प्रिय दोस्त” बताते हुए भारतीय सिनेमा में उनके योगदान की जमकर सराहना की।

शत्रुघ्न सिन्हा का रीना रॉय के लिए पोस्ट

शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने पोस्ट में रीना रॉय के साथ काम की गई फिल्मों की कुछ पुरानी तस्वीरें साझा कीं, जो देखते ही देखते फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गईं। इन तस्वीरों ने 70 के दशक की यादें ताज़ा कर दीं, जब दोनों की जोड़ी बड़े पर्दे पर खूब पसंद की जाती थी।

रीना रॉय की तारीफ करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा- मेरी प्रिय मित्र, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्रियों में से एक, सदाबहार स्टार, एक महान इंसान और सर्वांगीण व्यक्तित्व वाली रीना रॉय को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर करे आप सदा खुश रहें।

फैंस ने किए मजेदार कमेंट

इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। तमाम यूजर्स हैरान रह गए और मजेदार कमेंट करने लगे। एक यूजर ने लिखा- "आप उड़ता तीर क्यों ले रहे हो... क्यों पुरानी दबी हुई चिंगारी का आग में बदलना चाहते हो सर इस उम्र में।"

एक यूजर ने लिखा- "अपनी एक्स का बर्थडे आजतक नहीं भूले आप..."

पुरानी यादें हुईं ताजा

इस जन्मदिन संदेश ने फैंस के बीच पुरानी यादों को फिर से जगा दिया। शत्रुघ्न सिन्हा और रीना रॉय 1970 के दशक की सबसे लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक रहे हैं। दोनों ने सुभाष घई की 1976 में रिलीज़ फिल्म ‘कालीचरण’ से साथ काम करना शुरू किया था, जिसने शत्रुघ्न सिन्हा के करियर को नई ऊंचाई दी।

इसके बाद यह जोड़ी ‘मिलाप’, ‘संग्राम’, ‘सत श्री अकाल’ और ‘चोर हो तो ऐसा’ जैसी कई सफल फिल्मों में साथ नजर आई।


नहीं हो पाई शत्रुघ्न और रीना रॉय की शादी

दोनों की शानदार ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री धीरे-धीरे असल जिंदगी में भी रिश्ते में बदल गई थी। एक समय ऐसा भी था जब फैंस को लगता था कि यह जोड़ी शादी के बंधन में बंधेगी। हालांकि, अपने करियर के शिखर पर रहते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने अभिनेत्री पूनम चंद्रमणि से विवाह कर सबको चौंका दिया।

एक पुराने इंटरव्यू में शत्रुघ्न सिन्हा ने इस बारे में बात करते हुए कहा था कि जिंदगी में कुछ ऐसे मोड़ आते हैं, जहां फैसले लेना बेहद मुश्किल हो जाता है और हर फैसला सभी के पक्ष में नहीं होता।

Tags:    

Similar News