Dhurandhar: रणवीर सिंह की 'धुरंधर' के सेट पर 100 से ज्यादा क्रू मेंबर्स पड़े बीमार, जानें क्या हुआ
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' की शूटिंग के दौरान लद्दाख में बड़ा हादसा हुआ। फूड पॉइजनिंग की वजह से 100 से ज्यादा क्रू मेंबर्स अस्पताल में भर्ती कराए गए।
अपकमिंग फिल्म 'धुरंधर' में नजर आएंगे रणवीर सिंह
Dhurandhar Movie: रणवीर सिंह अपकमिंग फिल्म ‘धुरंधर’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म की शूटिंग इन दिनों लद्दाख में चल रही है जहां एक बड़ा हादसा हो गया। लद्दाख में फिल्म के सेट पर 120 से ज्यादा क्रू मेंबर्स फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी को लेह के एसएनएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है, व कछ लोगों को छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल पांच लोग अब भी डॉक्टर्स की निगरानी में हैं।
कैसे हुआ हादसा?
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को क्रू के लिए फिल्म सेट पर ही खाना तैयार कराया गया था। इसे खाने के बाद कई लोगों को अचानक पेट दर्द, उल्टी, डिहाइड्रेशन और गैस्ट्रोएंटेराइटिस जैसी समस्याएं होने लगीं। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इमरजेंसी टीम सेट पर पहुंचाई और जांच शुरू की। अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट ने बताया कि, "करीब 120 मरीज अस्पताल में भर्ती किए गए। सभी का इलाज कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। किसी की जान को खतरा नहीं है।" उन्होंने बताया कि फूड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार है।
रणवीर सिंह की नई फिल्म ‘धुरंधर’
फिल्म का निर्देशन आदित्य धर कर रहे हैं साथ ही इसकी स्टोरी राइटिंग भी उन्होंने ही की है। इससे पहले आदित्य ने 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' जैसी ब्लॉकबस्टर बनाई थी। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे सितारे नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म का फर्स्ट लुक रिलीज़ किया गया था, जिसमें रणवीर लंबे बाल और दाढ़ी में दमदार अवतार में नजर आए थे। ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।