Tanvi The Great: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देखेंगी अनुपम खेर की 'तन्वी द ग्रेट'; होगी स्पेशल स्क्रीनिंग

अनुपम खेर की आगामी फिल्म 'तन्वी- द ग्रेट' की चर्चा है। अब इस फिल्म की राष्ट्रपति भवन में स्पेशल स्क्रीनिंग होगी जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी।

Updated On 2025-07-10 18:29:00 IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देखेंगी अनुपम खेर की 'तन्वी द ग्रेट'

Tanvi The Great: अभिनेता अनुपम खेर के निर्देशन में बनी फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' को लेकर काफी चर्चा है। अब इस फिल्म की एक खास स्क्रीनिंग रखी जाएगी जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। यह आयोजन राष्ट्रपति भवन के कल्चर सेंटर में आयोजित किया जाएगा, जो फिल्म की आधिकारिक रिलीज से पहले आयोजित होगा। इस मौके पर राष्ट्रपति मुर्मू के साथ केंद्र के अन्य मंत्री व दिग्गज नेता फिल्म का आनंद लेंगे। फिल्म की टीम और कास्ट भी मौजूद रहेगी।

अनुपम खेर ने जताया सम्मान
फिल्म के निर्माता और निर्देशक अनुपम खेर ने इस अवसर पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते कहा- "यह हमारे लिए अत्यंत सम्मान की बात है कि हम अपनी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ को देश की राष्ट्रपति, जो देश की सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर भी हैं, के सामने प्रस्तुत करने जा रहे हैं। यह फिल्म ऑटिज़्म और भारतीय सेना जैसे संवेदनशील विषयों को छूती है। राष्ट्रपति महोदया खुद साहस, गरिमा और प्रेरणादायक नेतृत्व की प्रतीक हैं। हमें गर्व है कि वह इस फिल्म को देखेंगी।"

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही सराहना
‘तन्वी द ग्रेट’ एक ऐसी फिल्म है जिसे पहले ही कान्स, न्यूयॉर्क, ह्यूस्टन और लंदन जैसे अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में सराहना मिल चुकी है। इसके अलावा, पुणे स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी और साउदर्न कमांड में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग में भी दर्शकों ने इसे स्टैंडिंग ओवेशन दिया।

क्या है फिल्म की कहानी
यह फिल्म एक साहसी लड़की तन्वी रैना की कहानी है, जो अपनी मां विद्या (पल्लवी जोशी) और दादा कर्नल प्रताप रैना के साथ रहती है। तन्वी अपने दिवंगत पिता समर रैना की सैन्य सेवा से प्रेरित होकर उनके नक्शे कदम पर चलने का सपना देखती है। फिल्म में तन्वी का किरदार निभा रही हैं नवोदित अभिनेत्री शुभांगी, जबकि करन टैकर और बोमन ईरानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Tags:    

Similar News