TMKOC Gurucharan Singh: 25 दिन से लापता 'तारक मेहता' के 'सोढी' के वापस लौटने पर 'Mrs Sodhi' ने किया रिएक्ट, कही ये बात

फेमस टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' फेम एक्टर गुरुचरण सिंह लगभग 25 दिन बाद वापस घर लौट आए हैं। शो में उनकी वाइफ का रोल निभा चुकीं एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री ने इस खबर पर रिएक्ट किया है।

Updated On 2024-05-18 14:08:00 IST
गुरुचरण सिंह और जेनिफर मिस्त्री ने 'तारक मेहता...' शो में साथ काम किया था।

TMKOC Actor Gurucharan Singh: फेमस कॉमेडी टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में रोशन सिंह सोढ़ी की भूमिका निभाने वाले फेमस एक्टर गुरुचरण सिंह पिछले तीन हफ्तों से लापता थे। वह 22 अप्रैल को अपने घर से मुंबई जाने के लिए निकले थे लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट से ही गायब हो गए। लगभग 25 दिनों तक पुलिस की जांच पड़ताल के बावजूद वह कहीं नहीं मिले। लेकिन 17 मई को गुरुचरण सिंह अचानक अपने घर वापस लौट आए। वह सही सलामत हैं और उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह धार्मिक यात्रा के लिए निकल गए थे।

25 दिन बाद लौटे गुरुचरण सिंह
गुरुचरण सिंह के लापता होने की खबर से सनसनी मच गई थी। फैंस और चाहनेवालों से लेकर उनके साथ काम कर चुके को-स्टार्स भी काफी परेशान थे। 'तारक मेहता' शो में गुरुचरण की वाइफ का रोल निभाने वालीं टीवी एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री ने भी चिंता जताई थी। वहीं अब अभिनेता लगभग 25 दिन बाद अपने घर लौट आए हैं, जिसके बाद फैंस का खुशी का ठिकाना नहीं है। परिवार से लेकर चाहनेवाले सभी गुरुचरण के मिल जाने पर खुश हैं। वहीं एक्ट्रेस जेनिफर ने भी अपनी खुशी जताते हुए रिएक्ट किया है।

'मिसेज सोढी' ने जताई खुशी
गुरुचरण के सही सलामत वापस लौटने पर जेनिफर मिस्त्री ने न्यूज18 के साथ बातचीत में कहा- "यह बहुत अच्छी खबर है। वह करीब एक महीने से लापता थे। उनके माता-पिता से लेकर फैंस तक हर कोई चिंतित था। मैं जानती था कि वह जरूर वापस आएंगे। उन्होंने आगे कहा- मुझे भी यही लग रहा था कि वह जरूर किसी आध्यात्मिक यात्रा पर निकले होंगे... वह बहुत आध्यात्मिक व्यक्ति हैं। मैं खुश हूं कि यह कोई गड़बड़ मामला नहीं था... और कोई परेशानी की बात नहीं है। मुझे यकीन है कि उनके माता-पिता को अब राहत मिली होगी।"

'उन्हें सूचित करना चाहिए था'
जेनिफर ने आगे गुरुचरण के अचानक धार्मिक यात्रा पर निकलने के बारे में कहा- "मैं समझती हूं, किसी को भी अचानक ऐसा महसूस हो सकता है। मैं भी अध्यात्मिक हूं। जब कोई आध्यात्मिक बुलावा आता है, तो आप इसे महसूस करते हैं। आप उस वक्त कुछ और नहीं सोच पाते। आपको ऐसा लगता है कि दुनियादारी छोड़कर साधु बन जाएं। मुझे भी कभी-कभी ऐसा ही लगता है लेकिन मेरे पति और एक बेटी हैं, इस वजह से मुझपर जिम्मेदारी है।

बेशक, गुरुचरण सिंह को जाने से पहले एक बार घरवालों को सूचित करना चाहिए था... लेकिन हम नहीं जानते कि उस वक्त उनकी मानसिक स्थिति क्या रही होगी। सबकुछ नॉर्मल हो जाने पर मैं उन्हें कॉल जरूर करूंगी।"

दोनों स्टार्स छोड़ चुके शो 
बता दें, तारक मेहता का उल्टा चश्मा में गुरुचरण ने रोशन सिंह सोढ़ी की भूमिका निभाई थी। जेनिफर ने उनकी पत्नी रोशन दारूवाला कौर सोढ़ी की भूमिका निभाई थी। कई सालों तक साथ काम करने के बाद गुरुचरण और जेनिफर दोनों ने शो छोड़ दिया था।

Similar News