एजाज खान पर FIR दर्ज: 'हाउस अरेस्ट' शो में अश्लील कंटेट दिखाने पर NCW की कार्रवाई; Ullu App से हटे एपिसोड

बिग बॉस में नजर आ चुके अभिनेता एजाज खान पर मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है। उनपर हाउस अरेस्ट शो में अश्लील कंटेंट परोसने का आरोप है। इसपर राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी एक्शन लिया है। जानिए पूरा मामला।

Updated On 2025-05-03 14:09:00 IST
'हाउस अरेस्ट' शो में अश्लील कंटेंट परोसने के आरोप में एजाज खान के खिलाफ FIR दर्ज।

House Arrest Show Controversy: 'बिग बॉस' फेम एजाज खान पर मुंबई की अंबोली पुलिस में एफआईआर दर्ज हुई है। उल्लू ऐप पर स्ट्रीमिंग होने वाला रिएलिटी शो 'हाउस अरेस्ट' विवादों में हैं जिसे एजाज खान होस्ट करते नजर आ रहे हैं। इस शो में अश्लील कंटेंट परोसने के चलते एक्टर और शो के निर्माता राजकुमार पांडे व अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। इसी बीच उल्लू एप से इस शो के कंटेंट हटा दिए गए हैं।

हाउस अरेस्ट शो में अश्लील कंटेंट परोसने का आरोप 
अंबोली पुलिस थाने के अधिकारी के मुताबिक, "राइट-विंग कार्यकर्ता गौतम रावरिया की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभिनेता एजाज खान, 'हाउस अरेस्ट' वेब शो के निर्माता राजकुमार पांडे और उल्लू ऐप के अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।" दरअसल, सोशल मीडिया पर हाउस अरेस्ट के कुछ वीडियो क्लिप वायरल हो रहे हैं, जिनमें कथित तौर पर एजाज खान को महिलाओं व पार्टिसिपेंट्स को अंतरंग स्थितियों का प्रदर्शन करने के लिए मजबूर करते हुए दिखाया गया है। उन पर प्रतिभागियों से असहज सवाल पूछने का भी आरोप है।

ये भी पढ़ें- निर्मल कपूर का अंतिम संस्कार: मां के निधन से टूटे अनिल-बोनी; अर्जुन-सोनम, जान्हवी कपूर ने दादी को दी श्रद्धांजलि

इस शो में लड़कियों को कपड़े उतारते दिखाया गया जो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हुआ। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को आपत्तिजनक पोज करने को कहा गया। इस शो को एजाज होस्ट कर रहे थे जिन्हों पार्टिसिपेंट्स को ये टास्क दिए थे। इसके कुछ वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद लोगों ने खूब आलोचना की। ये शो उल्लू एप पर प्रसारित हो रहा था जहां से अब इसके बोल्ड और आपत्तिजनक कंटेंट हटा दिए गए हैं। 

NCW की कार्रवाई
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वेब शो में अश्लील भाषा थी और इसमें ऐसी हरकतें की गई थीं जो महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती थीं। 'हाउस अरेस्ट' के निर्माता और होस्ट एजाज खान पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और महिलाओं का अशिष्ट चित्रण (निषेध) अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं शुक्रवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने “हाउस अरेस्ट” का एक क्लिप वायरल होने के बाद अभिनेता एजाज खान और उल्लू ऐप के सीईओ विभु अग्रवाल को तलब किया है।

गुरुवार को महाराष्ट्र भाजपा एमएलसी चित्रा वाघ ने 'हाउस अरेस्ट' पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की, आरोप लगाया कि इसकी सामग्री अश्लील है और समाज के लिए हानिकारक है, खासकर बच्चों के लिए। उन्होंने आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव से ऐसी सामग्री को बढ़ावा देने वाले मोबाइल एप्लिकेशन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भी आग्रह किया।

Similar News