एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी का यूरोप में सामान चोरी: पासपोर्ट और ₹10 लाख का कीमती सामान ले उड़े बदमाश; वेडिंग एनिवर्सरी ट्रिप पर थीं

फेमस टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी के साथ यूरोप में चोरी की घटना हो गई। उनका पासपोर्ट, पर्स समेत 10 लाख रुपए का कीमती सामान चोरी हो गया है। वह अपने पति विवेक दहिया के साथ शादी की सालगिरह मनाने यूरोप गई थीं।

Updated On 2024-07-11 15:02:00 IST
Divyanka Tripathi- Vivek Dahiya

Divyanka Tripathi Robbed: टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। पिछले दो हफ्तों से एक्ट्रेस अपने पति विवेक दहिया के साथ यूरोप (Europe) ट्रिप पर गई हुई थीं जहां उनके साथ चोरी की वारदात हो गई। दिव्यांका और विवेक के पासपोर्ट, वॉलेट, पर्स समेत 10 लाख रुपए के कीमती सामान चोरी हो गए।

एक्ट्रेस अपनी शादी की आठवीं सालगिरह मनाने के लिए यूरोप ट्रिप पर थीं। फिलहाल कपल बिना कैश और सामान के इटली के शहर फ्लॉरेंस में फंसे हुए हैं।

यूरोप में हुई चोरी की वारदात
विवेक दहिया ने टाइम्स ऑफ इंडिया से इस घटना को लेकर कहा- "हम कल (10 जुलाई) फ्लोरेंस पहुंचे। हमने सोचा कि हम एक दिन यहां रुक जाते हैं। अपने ठहरने की व्यवस्था करने के लिए हम प्रॉपर्टी देखने लगे और अपना सारा सामान बाहर खड़ी कार में छोड़ दिया। जब हम अपना सामान लेने वापस आए तब देखा कि किसी ने कार तोड़कर हमारा पासपोर्ट, पर्स, शॉपिंग का सामान सहित सारा कीमती सामान चोरी कर लिया। वे केवल हमारे कुछ कपड़े और खाने-पीने का सामान छोड़ गए।"

पुलिस से नहीं मिली मदद
उन्होंने आगे बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। विवेक ने कहा- "हमने लोकल पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की, उन्होंने कहा कि उस एरिया में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ है इसलिए वे हमारी मदद नहीं कर पाएंगे। फिर हमने एम्बैसी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनका ऑफिस बंद हो चुका था।"

भारतीय दूतावास से मांगी मदद
विवेक ने आगे बताया कि वे फिलहाल फ्लोरेंस के पास एक छोटे शहर में रुके हुए हैं। एक्टर ने कहा- "होटल स्टाफ हमारी बहुत मदद कर रहे हैं, लेकिन हमारे पास कैश नहीं बचा है। हमें एम्बेसी की मदद चाहिए। इंडिया वापस आने के लिए हमें अस्थायी पासपोर्ट चाहिए और ये एम्बेसी की मदद से ही मिल पाएगा।"

कौन हैं दिव्यांका त्रिपाठी?
दिव्यांका त्रिपाठी टेलीविजन इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस हैं। वह 'ये हैं मोहब्बतें', 'बनूं मैं तेरी दुल्हन', 'खतरों के खिलाड़ी 11' और 'नच बलिए' जैसे टीवी शोज़ में नजर आ चुकी हैं। दिव्यांका मध्य प्रदेश के भोपाल शहर की रहने वाली हैं। उन्होंने 8 जुलाई 2016 को टीवी एक्टर विवेक दहिया से शादी की थी।  

Similar News