30,000 करोड़ पर विवाद: करिश्मा के बच्चों ने सौतेली मां पर लगाया जायदाद हड़पने का आरोप, क्यों मांग रहे हिस्सा? जानें
बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के बच्चों ने अपनी सौतेली मां प्रिया सचदेव कपूर पर वसीयत में धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। दावा है कि उनके पिता अपनी संपत्ति में कुछ हिस्सा उनके लिए छोड़ गेए थे।
संजय कपूर की 30,000 करोड़ की संपत्ति पर विवाद चल रहा है।
Sunjay Kapur Property Dispute: करिश्मा कपूर के पूर्व पति व दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की 30,000 करोड़ की संपत्ति को लेकर कानूनी लड़ाई तेज हो गई है। करिश्मा के बच्चों- समायरा और कियान ने अपनी सौतेली मां यानी संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर पर वसीयत में धोखाधड़ी और संपत्ति से उन्हें बाहर रखने का आरोप लगाया है। इसके चलते दोनों बच्चों ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर अपने पिता की संपत्ति में 'हिस्सेदारी' की मांग की है।
वसीयत में धोखाधड़ी, प्रिया पर लगाए 'जालसाजी' के आरोप
संजय कपूर ने करिश्मा कपूर से 2016 में तलाक लिया था जिसके बाद 2017 में उन्होंने प्रिया से शादी की थी जो अब उनकी तीसरी पत्नी हैं।अब समायरा और कियान ने अदालत में दावा किया है कि प्रिया कपूर ने उनके पिता संजय की वसीयत में हेरफेर की है।
उन्होंने कहा कि पहले तो प्रिया ने किसी वसीयत होने से इनकार किया, लेकिन बाद में एक दस्तावेज़ पेश किया जो कथित रूप से 21 मार्च 2025 को लिखा गया बताया गया। बच्चों का कहना है कि उन्हें न तो संजय कपूर की मौत के समय उनकी संपत्तियों की पूरी जानकारी है, और न ही वे प्रिया द्वारा बताई गई कथित वसीयत की सच्चाई पर भरोसा करते हैं।
'पिता ने छोड़ी थी वसीयत'
याचिका में कहा गया है कि संजय कपूर ने कई बार समायरा और कियान को उनके भविष्य और फाइनेंशियल सिक्योरिटी का आश्वासन दिया था। उनके अनुसार, संजय ने उनके नाम पर बिजनेस शुरू किए थे, प्रॉपर्टीज खरीदी थीं, और पारिवारिक ट्रस्ट में उन्हें नोमिनेट किया था। लेकिन अब आरोप है कि प्रिया ने इन जानकारियों को छुपाया और बच्चों को इन संपत्तियों तक पहुंचने नहीं दिया।
संजय कपूर के अंतिम संस्कार में शामिल हुई करिश्मा
संजय कपूर का निधन 12 जून को लंदन में हार्ट अटैक के चलते हुआ था। उनका अंतिम संस्कार 19 जून को दिल्ली के लोधी श्मशान घाट पर किया गया, जिसमें बेटे कियान ने मुखाग्नि दी थी। बच्चों के अनुसार, अंतिम संस्कार के कुछ ही दिनों बाद प्रिया ने ट्रस्ट और वित्तीय दस्तावेजों तक उनकी पहुंच सीमित कर दी।
30,000 करोड़ की संपत्ति पर विवाद
संजय कपूर ऑटोमोबाइल कंपनी 'सोना कॉमस्टार' के संस्थापक और चेयरमैन थे। उनकी कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹30,000 करोड़ बताई जा रही है। अब इस संपत्ति पर कब्जे को लेकर कानूनी जंग छिड़ चुकी है।