Ghooskhor Pandat: मनोज बाजपेयी की 'घूसखोर पंडत' पर बवाल, मेकर्स को भेजा गया कानूनी नोटिस

मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ अपने टाइटल को लेकर विवादों में आ गई है। फिल्म के नाम पर एक विशेष समुदाय को लेकर आपत्ति जताई गई है, जिसके बाद मेकर्स को कानूनी नोटिस भेजा गया।

Updated On 2026-02-05 14:30:00 IST

मनोज बाजपेयी की अपकमिंग फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ पर विवाद गहरा गया है।

Ghooskhor Pandat: अभिनेता मनोज बाजपेयी की अपकमिंग फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ अपने टीज़र के रिलीज़ होते ही विवादों में घिर गई है। फिल्म की कहानी से ज्यादा इसके टाइटल पर बवाल मच गया है। सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने फिल्म के नाम पर आपत्ति जताई और 'पंडित' शब्द का इस्तेमाल करने पर आरोप लगाया कि इसमें एक विशेष समुदाय को भ्रष्टाचार से जोड़कर दिखाया गया है। अब यह मामला कानूनी स्तर तक पहुंच गया है।

मेकर्स और प्लेटफॉर्म को भेजा गया कानूनी नोटिस

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के वकील अशुतोष दुबे ने फिल्म के निर्देशक के साथ-साथ स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में फिल्म के टाइटल को तुरंत हटाने की मांग की गई है। वकील का कहना है कि यह नाम मानहानिकारक, समुदाय को बदनाम करने वाला, असंवैधानिक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला है।

नोटिस में यह भी कहा गया है कि ‘पंडित’ समुदाय को सीधे तौर पर घूस और भ्रष्टाचार से जोड़ना आपत्तिजनक है। इससे एक पूरे समुदाय को अपराध और नैतिक पतन से जोड़ने का गलत संदेश जाता है।

दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा मामला, रिलीज पर रोक की मांग

विवाद यहीं नहीं रुका। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, अधिवक्ता विनीत जिंदल ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म की रिलीज़ पर रोक लगाने की मांग की है। याचिका में दावा किया गया है कि फिल्म का टाइटल जानबूझकर एक धार्मिक और सामाजिक पहचान को भ्रष्टाचार से जोड़ता है, जिससे पूरे समुदाय की छवि धूमिल होती है।

याचिकाकर्ता का यह भी आरोप है कि इस टाइटल के जरिए संविधान के अनुच्छेद 14, 21 और 25 का उल्लंघन किया गया है, क्योंकि यह एक विशेष धार्मिक समुदाय को निशाना बनाता है। फिलहाल इस पूरे मामले पर न तो नेटफ्लिक्स और न ही फिल्म के निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।

Full View

फिल्म के बारे में

‘घूसखोर पंडत’ के टीज़र में मनोज बाजपेयी दिल्ली पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर अजय दीक्षित के किरदार में नजर आते हैं, जिन्हें ‘पंडत’ के नाम से जाना जाता है। फिल्म का निर्देशन रितेश शाह ने किया है। इसमें नुसरत भरुचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, श्रद्धा दास, दिव्या दत्ता और किकू शारदा भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की रिलीज़ डेट अभी घोषित नहीं की गई है।

Tags:    

Similar News