हिमेश रेशमिया ने बनाया रिकॉर्ड: शकीरा, कोल्डप्ले जैसे कलाकारों के बीच जगह बनाने वाले एकलौते भारतीय बने
सिंगर और म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें इंटरनेशनल लेवल पर बड़ा मुकाम हासिल हुआ है। जानिए क्या है रिपोर्ट...
हिमेश रेशमिया ने 1,300 से अधिक गानों का म्यूजिक कंपोज किया है।
Himesh Reshammiya: मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया के गानों का जादू फैंस के दिलों पर छाया रहता है। अब उन्होंने अपने सुरों से एक बार फिर इतिहास रच दिया है। हिमेश रेशमिया ब्लूमबर्ग की ग्लोबल पॉप पावर लिस्ट में शामिल होने वाले भारत के एकमात्र कलाकार बन गए हैं।
कई सालों से हिट गानों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करने वाले हिमेश को यह उपलब्धि इंटरनेशनल पैमाने पर मिली है जो हर भारतीय के लिए गर्व का पल है।
बड़े इंटरनेशनल आर्टिस्ट के बीच हिमेश का नाम
ब्लूमबर्ग ने गुरुवार को यह सूची जारी की, जिसमें दुनिया भर के सबसे प्रभावशाली पॉप स्टार्स को रैंक किया गया है। लिस्ट में पोस्ट मेलोन, बेले, ब्रूनो मार्स और बेयॉन्से टॉप पर रहे, जबकि हिमेश रेशमिया 22वें स्थान पर हैं। इस लिस्ट में बिली आइलीश, सबरीना कारपेंटर, जे-होप, कोल्डप्ले, एड शीरन, बैड बनी, लेडी गागा, कैट्सआई और शकीरा जैसे ग्लोबल सितारे भी शामिल हैं।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस लिस्ट को तैयार करने के लिए दुनियाभर से करीब 1.2 लाख लोगों ने आवेदन किया था। फैंस ने अपने पसंदीदा पॉप स्टार्स को वोट देकर आगे बढ़ाया।
हिमेश ने इस बड़ी उपलब्धि की खबर के बाद अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर फैन्स और दोस्तों की ओर से आए बधाई संदेशों को रीपोस्ट किया। इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और प्रशंसकों ने उन्हें इस सम्मान के लिए बधाई दी।
हिमेश का लाइव परफॉर्मेंस रहा धमाकेदार
जून 2025 में हिमेश ने सारेगामा लाइव के 'कैपमेनिया' दिल्ली इवेंट में हजारों फैंस के सामने परफॉर्म किया था। उन्होंने ‘तेरा सुरूर’, ‘झलक दिखला जा’, ‘हुक्का बार’ और ‘आशिकी में तेरी’ जैसे अपने सुपरहिट गानों से समां बांध दिया था।
वर्कफ्रंट पर हिमेश
हिमेश रेशमिया को हाल ही में फिल्म ‘बैडऐस रवि कुमार’ में देखा गया, जो उनकी फिल्म द एक्सपोज़ का स्पिन-ऑफ है। यह फिल्म ओमान और भारत में शूट हुई थी और इसमें प्रभु देवा, कीर्ति कुल्हारी, सिमोना जे, सौरभ सचदेवा, संजय मिश्रा और जॉनी लीवर जैसे सितारे भी नजर आए। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर महज़ ₹10.98 करोड़ का ही कारोबार किया।