Dharmendra Passes away: धर्मेन्द्र के 'सबसे बड़े फैन' थे स्व. सुनील मिश्र, हर जन्मदिन पर मुंबई जाकर करते थे ही-मैन को विश

फिल्म समीक्षक और संस्कृति विभाग के उप संचालक स्व. सुनील मिश्र धर्मेन्द्र के सबसे बड़े फैन थे। उनके बेटे सुमुख मिश्र ने बताया कि पिता हर साल 8 दिसंबर को मुंबई जाकर ही-मैन धर्मेन्द्र को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते थे और मुरैना की गजक उपहार में देते थे।

Updated On 2025-11-25 02:17:00 IST

Dharmendra Passes away

मधुरिमा राजपाल, भोपाल। अगर धर्मेन्द्र ‘ही-मैन’ हैं, तो मेरे पापा उनके सबसे बड़े फैन थे… यह कहना है संस्कृति विभाग के उप संचालक एवं वरिष्ठ फिल्म समीक्षक स्व. सुनील मिश्र के पुत्र सुमुख मिश्र का, जिन्होंने धर्मेन्द्र और अपने पिता के बीच उस अनोखे रिश्ते को याद करते हुए भावुक किस्सा साझा किया।

सुमुख ने बताया कि उनके पिता की धर्मेन्द्र के प्रति दीवानगी किसी से छिपी नहीं थी। वे हर वर्ष 8 दिसंबर, यानी धर्मेन्द्र के जन्मदिन पर मुंबई जाते और उन्हें व्यक्तिगत रूप से बर्थडे विश करते। सुनील मिश्र, धर्मेन्द्र को हमेशा 'पापा जी…' कहकर संबोधित करते, और धर्मेन्द्र मुस्कुराते हुए कहते- ''अरे, मेरा बेटा सुनील आ गया!''

दोनों के बीच यह रिश्ता बिल्कुल पिता-पुत्र जैसा था। सुमुख ने बताया कि कोविड से पहले तक पापा हर साल उनसे मिलने जाते रहे, लेकिन महामारी के बाद वे दुनिया से विदा हो गए। उनके पिता धर्मेन्द्र के लिए मुरैना की मशहूर गजक के पाँच-छह डब्बे लेकर जाते थे, जिसे वह बहुत पसंद करते थे। बर्थडे विश करने से पहले वे धर्मेन्द्र का मुंह मीठा करवाना कभी नहीं भूलते थे।

फिल्म 'अपने' का किस्सा याद करते हुए सुमुख भावुक हो उठते हैं। फिल्म रिलीज के बाद पूरा परिवार थिएटर में गया। बाद में सुनील मिश्र ने DVD खरीदी और बार-बार वह फिल्म देखी। फिल्म में धर्मेन्द्र को साइकिल चलाते हुए देख उनके पिता की आँखें भर आती थीं।

Tags:    

Similar News