‘टाइगर 3’ फेम वरिंदर सिंह घुमन का निधन: 42 साल की उम्र में हार्ट अटैक से हुई मौत, इंडस्ट्री में शोक की लहर

‘टाइगर 3’ एक्टर और बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घुमन का 42 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इस खबर से फैंस और इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

By :  Desk
Updated On 2025-10-10 11:22:00 IST
‘टाइगर 3’ के को-स्टार और मशहूर बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घुमन का 42 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन।

Varinder Singh Ghuman Death: बॉलीवुड और फिटनेस जगत से बेहद दुखद खबर सामने आई है। ‘टाइगर 3’ में सलमान खान के साथ नज़र आए मशहूर बॉडीबिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुमन का 42 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

जानकारी के मुताबिक, वरिंदर का अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने 10 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे अंतिम सांस ली।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जताया शोक

वरिंदर सिंह घुमन के निधन की खबर सबसे पहले पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर साझा की।

उन्होंने पंजाबी में दुख जताते हुए लिखा, “पंजाब के प्रसिद्ध बॉडीबिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुमन जी के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर मन बहुत दुखी है। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा से उन्होंने दुनिया भर में पंजाब का नाम रोशन किया। वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

पूर्व हॉकी कप्तान ने जताया दुख

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परजात सिंह ने भी X पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “यह जानकर बेहद दुख हुआ कि प्रसिद्ध बॉडीबिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुमन जी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह एक समर्पित शाकाहारी बॉडीबिल्डर थे, जिन्होंने अपने शरीर को अनुशासन और सादगी से गढ़ा था। वाहेगुरु उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दें।”

वरिंदर सिंह घुमन का फिल्मी सफर

वरिंदर सिंह घुमन ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2012 में पंजाबी फिल्म ‘कबड्डी वन्स मोर’ से की थी। उनकी दमदार कद-काठी और स्क्रीन प्रेज़ेंस ने उन्हें जल्द ही अलग पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और ‘रोर: टाइगर्स ऑफ द सुंदरबन्स’ (2014) और ‘मरजावां’ (2019) जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया।

साल 2023 में वे सलमान खान की सुपरहिट फिल्म ‘टाइगर 3’ में नजर आए, जहां उन्होंने अपने फिटनेस और मजबूत व्यक्तित्व से दर्शकों को प्रभावित किया।

बता दें कि वरिंदर को भारत के पहले शुद्ध शाकाहारी बॉडीबिल्डर के रूप में भी जाना जाता था। उन्होंने बिना नॉन-वेज डाइट के बेहतरीन फिजीक बनाई और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन किया।

बॉडीबिल्डिंग में उपलब्धियां 

घुमन ने 2009 में मिस्टर इंडिया का खिताब जीता था और मिस्टर एशिया प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। अपने समर्पण और अनुशासन के कारण उन्हें भारत के फिटनेस आइकन के रूप में भी देखा जाता था। वे अक्सर युवाओं को फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल के लिए प्रेरित करते थे।

उनका यह अचानक जाना न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री बल्कि फिटनेस जगत के लिए भी एक गहरा सदमा है।

– काजल सोम 

Tags:    

Similar News