टाटा केमिकल्स में बड़ा बदलाव: चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने दिया इस्तीफा, एस. पद्मनाभन को मिली कमान; मोदन साहा की बोर्ड में एंट्री
टाटा केमिकल्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने 1987 में कॅरियर की शुरुआत TCS में ट्रेनी के तौर पर की थी। बुधवार, 28 मई 2025 को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए चेयरमैन पद छोड़ा। हालांकि, टाटा संस के चेयरमैन वह बने रहेंगे।
टाटा केमिकल्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन का इस्तीफा, एस. पद्मनाभन को मिली कमान।
Tata Chemicals Chairman Resigns : टाटा ग्रुप की प्रमुख कंपनी टाटा केमिकल्स लिमिटेड में बुधवार को दो बड़े बदलाव हुए हैं। कंपनी के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने इस्तीफा दे दिया। कंपनी ने मौजूदा निदेशक एस. पद्मनाभन को नया चेयरमैन नियुक्त किया है। साथ ही मोदन साहा को एडिशनल डायरेक्टर नियुक्त किया है। यह नियुक्तियां 30 मई 2025 से प्रभावी होंगी।
एन. चंद्रशेखरन ने जताया आभार
टाटा केमिकल्स के बोर्ड ने चंद्रशेखरन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। एन. चंद्रशेखरन ने अपने त्याग पत्र में लिखा- टाटा केमिकल्स के बोर्ड की अध्यक्षता करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही। इस दौरान मिले सहयोग के लिए मैं आभारी हूं। अपने वर्तमान और भविष्य के कमिटमेंट्स का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करने के बाद मैंने बोर्ड से हटने का फैसला किया है।
एन. चंद्रशेखरन ने टाटा केमिकल्स का नेतृत्व ऐसे समय में किया जब ग्रुप में रणनीतिक परिवर्तन और पुनर्संरेखन (Strategic Transition & Realignment) की प्रक्रिया चल रही थी। एन. चंद्रशेखरन ने टाटा केमिकल्स का नेतृत्व छोड़ दिया, लेकिन टाटा संस के चेयरमैन वह 2027 तक बने रहेंगे। यह पद उन्होंने 2017 में संभाला था।
एन. चंद्रशेखरन कौन हैं?
एन. चंद्रशेखरन ने 1987 में अपने कॅरियर की शुरुआत TCS में ट्रेनी के तौर पर शुरू की थी। वह टाटा ग्रुप के पहले गैर-पारिवारिक चेयरमैन बने। अपनी मेहनत और दूरदर्शिता के दम पर 2009 में CEO और फिर MD बने। उनके कार्यकाल में TCS दुनिया की सबसे बड़ी IT कंपनी बनी। इसका मार्केट कैप भी कई गुना बढ़ा।
मोदन साहा की बोर्ड में एंट्री
कंपनी ने एक और बड़ा कदम उठाते हुए मोदन साहा को एडिशनल डायरेक्टर (नॉन-एग्जीक्यूटिव, नॉन-इंडिपेंडेंट) के रूप में नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 28 मई 2025 से प्रभावी होगी। यह फैसला नॉमिनेशन और रेम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है।
टाटा केमिकल्स: आठ दशकों की विरासत
1939 में स्थापित, टाटा केमिकल्स एक भारतीय मल्टीनेशनल कंपनी है, जो केमिकल्स, क्रॉप प्रोटेक्शन और स्पेशियलिटी केमिस्ट्री प्रोडक्ट्स के क्षेत्र में काम करती है। इसका मुख्यालय मुंबई में है और इसका संचालन भारत, यूरोप, उत्तर अमेरिका और अफ्रीका में फैला है।