Market Crash: सेंसेक्स 1800 और Nifty 550 अंक से ज्यादा टूटा, निवेशकों के 11 लाख करोड़ स्वाहा; सिर्फ इन 2 शेयरों में बढ़त

Stock Market Crash: भारतीय बाजार में लिस्ट हेवी वेट शेयरों- रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी और भारती एयरटेल में गुरुवार को बड़ी गिरावट आई। 

Updated On 2024-10-03 16:11:00 IST
Stock Market Crash

Stock Market Crash: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार (3 अक्टूबर) को बड़ी गिरावट आई। प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) 1800 अंकों से ज्यादा टूटा और निफ्टी (Nifty50 ) 25250 के नीचे आ गया, यह निफ्टी की 2 महीने की सबसे बड़ी गिरावट है। ईरान और इज़रायल के बीच बढ़ते तनाव, क्रू़ड ऑयल की बढ़ती कीमतें, सेबी द्वारा एफएंडओ नियमों में सख्ती और चीनी शेयरों में तेजी से संभावित सेलिंग ने स्टॉक मार्केट को बड़ा झटका दिया। मिडिल-ईस्ट में ईरान-इज़रायल जंग को लेकर तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका के कारण दुनियाभर में निवेशक डरे हुए हैं।

सेक्टर्स में रियल्टी 4.5 फीसदी और ऑटो, बैंक, मीडिया, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 2-3 फीसदी की गिरावट देखी गई। आज सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 2 फीसदी की गिरावट आई।

लिस्टेड कंपनियों का MCap 11 लाख करोड़ रुपए घटा
गुरुवार को दिनभर में बीएसई सेंसेक्स 1811 अंक (2.15%) गिरकर 82,455 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 554 अंक (2.12%) की गिरावट के साथ 25,250 पर क्लोज हुआ। इस गिरावट के साथ बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (MCap) 11 लाख करोड़ रुपए घटकर 464.3 लाख करोड़ रुपए रह गया।

ईरानी के हमले के बाद बढ़ी निवेशकों की चिंता
मध्य-पूर्व में ईरान द्वारा इज़रायल पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका बढ़ गई, जिससे दुनियाभर में निवेशकों की चिंता और बढ़ गई। भारत जैसे आयातक देशों के लिए तेल की बढ़ती कीमतें नकारात्मक मानी जाती हैं, क्योंकि कच्चा तेल आयात बिल में बड़ा योगदान देता है।

सेंसेक्स में गिरावट के मुख्य कारण 

  • भारतीय बाजार में लिस्ट हेवी वेट शेयरों- रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी और भारती एयरटेल में बड़ी गिरावट देखी गई। जबकि जेएसडब्ल्यू स्टील और टाटा स्टील के शेयर बढ़त के साथ खुले।
  • निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 1.2% की गिरावट दर्ज की गई, जिसमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम, आईओसी और जीएसपीएल प्रमुख गिरावट वाले शेयर रहे हैं। इस बीच, भारतीय शेयर बाजार का "फियर गेज" इंडिया VIX 8.9% बढ़कर 13.06 पर पहुंच गया।

निफ्टी 50 के लगभग सभी शेयर हुए लाल
बाजार में भारी बिकवाली और निवेशकों के पैसे खींचने के कारण प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 के सभी शेयर लाल निशान में आ गए। भारत पेट्रोलियम (BPCL) सबसे ज्यादा 5.28% टूटा।  इसके बाद L&T, मारुति, टाटा मोटर्स, श्रीराम फाइनेंस, एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स करीब 4 फीसदी की गिरावट के साथ शीर्ष नुकसान वाले शेयरों में शामिल रहे। JWS स्टील और ओएनजीसी मात्र दो ऐसे शेयर रहे, जिनमें मामूली बढ़त नजर आई।

Similar News