Indian Billionaire: फैमिली नेटवर्थ के मामले में गौतम अडाणी फिर मुकेश अंबानी से आगे निकले

Adani-Hindenburg केस में राहत मिलने से गौतम अडाणी की कंपनियों की शेयरों में बुधवार को 12 फीसदी तक की तेजी आई थी।

Updated On 2024-01-04 15:05:00 IST
Mukesh Ambani and Gautam Adani Family Net Worth

India's richest billionaire: सुप्रीम कोर्ट से Adani-Hindenburg केस में राहत मिलने के बाद अरबपति गौतम अडाणी के सितारे फिर बुलंदी पर हैं। पिछले तीन दिनों से अडाणी समूह की सभी 10 कंपनियों के शेयर रॉकेट बने हुए हैं। गुरुवार को भी स्टॉक मार्केट में अडाणी ग्रुप के शेयरों में हरे निशान में हैं। इन शेयरों की तेजी ने एक ओर निवेशकों को बंपर कमाई का मौका दिया, तो दूसरी ओर अडाणी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी को वेल्थ के मामले में टॉप पर पहुंचा दिया।

बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्केट कैप में आई बढ़ोतरी के बाद अडाणी फैमिली की नेटवर्थ अब रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी की फैमिली नेटवर्थ से ऊपर निकल गई है। फैमिली नेटवर्थ के मामले में गौतम अडाणी एक बार फिर से देश में नंबर-1 पर पहुंच गए हैं। बता दें कि 10 अक्टूबर 2033 को मुकेश अंबानी ने 8.08 लाख करोड़ की इंडिविजुअल वेल्थ के साथ देश के सबसे अमीर शख्स की उपलब्धि हासिल की थी।66 साल के मुकेश अभी भी भारत के सबसे रईस शख्स हैं।

एक दिन में इतनी बढ़ी अडाणी की नेटवर्थ

  • बुधवार को अडाणी समूह के शेयरों में 12 फीसदी तक की तेजी आई थी। समूह का ओवरऑल मार्केट कैपिटिलाइजेशन 15.11 लाख करोड़ पहुंच गया था। गौतम अडाणी के परिवार की नेटवर्थ एक ही दिन में 8.98 लाख करोड़ से बढ़कर 9.37 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई।
  • 3 जनवरी को रिलायंस ग्रुप का कम्बाइन मार्केट कैप 18.97 लाख करोड़ रुपए पर पहुंचा। लेकिन मुकेश अंबानी के परिवार की नेटवर्थ में थोड़ी गिरावट आई और यह 9.38 लाख करोड़ से घटकर 9.28 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गई।

क्यों रॉकेट बने अडाणी समूह के शेयर? 
अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने ठीक एक साल पहले रिपोर्ट जारी कर अडाणी समूह की कंपनियों में वित्तीय गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। अडाणी के कई शेयरों में बड़ी गिरावट आई थी। जिसके बाद केंद्रीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने आरोपों की जांच के लिए कमेटी गठित की। मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंचा। जहां बुधवार को सेबी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि उसने 24 में से 22 मामलों में जांच पूरी कर ली है। इसमें कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई। इस पर शीर्ष अदालत ने बाकी 2 मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित करने या सीबीआई को केस ट्रांसफर करने से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद अडाणी समूह के शेयरों में फिर तेजी लौटी है।

Tags:    

Similar News