Credit Card: क्रेडिट कार्ड पेमेंट मिस कर दिया? यह आपके स्कोर पर क्या असर डाल सकता? जानिए
Credit Card: 30 दिन से ज्यादा लेट पेमेंट होने पर CIBIL स्कोर में तेज गिरावट आ सकती है। हाई स्कोर वालों को एक लेट पेमेंट से भी 50–100 अंक तक नुकसान हो सकता है। समय पर पेमेंट की आदत और ऑटो-डेबिट सेट करना स्कोर बचाने का सबसे आसान तरीका है।
Credit card score tips
Credit Score Tips: क्रेडिट कार्ड का बिल एक-दो दिन लेट हो गया तो क्या सिबिल स्कोर खत्म हो जाएगा? ज्यादातर लोगों के मन में यही सवाल आता है। सच यह है कि नुकसान कितना होगा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि पेमेंट कितनी देर से हुई और आपका पुराना क्रेडिट रिकॉर्ड कितना मजबूत था।
अगर आप ड्यू डेट से एक-दो दिन लेट हैं लेकिन बैंक की ग्रेस पीरियड में पूरा भुगतान कर देते हैं, तो आमतौर पर सिबिल स्कोर पर असर नहीं पड़ता। हां, लेट फीस और ब्याज देना पड़ सकता है। असली खतरा तब शुरू होता है जब देरी 30 दिन से ज्यादा हो जाती है। इस स्थिति में बैंक खाते को 30 डे पास्ट ड्यू के रूप में रिपोर्ट करते हैं और स्कोर में तेज गिरावट आ सकती है।
मान लीजिए आपका स्कोर 780 या 800 जैसा मजबूत है, तो एक 30 दिन की देरी से 50 से 100 अंक तक गिरावट आ सकती। जिन लोगों की क्रेडिट हिस्ट्री छोटी है, उनके लिए असर और ज्यादा हो सकता। अगर देरी 60 या 90 दिन तक बढ़ जाए, तो नुकसान गंभीर हो जाता है और इसका रिकॉर्ड कई साल तक बना रहता।
दिलचस्प बात यह है कि हाई स्कोर वालों को ज्यादा झटका लगता है क्योंकि उनका रिकॉर्ड पहले साफ रहा होता है। वहीं जिनका स्कोर पहले से कमजोर है, उनके लिए गिरावट थोड़ी कम दिख सकती है लेकिन प्रोफाइल और खराब हो जाती है।
लेट पेमेंट का रिकॉर्ड सात साल तक क्रेडिट रिपोर्ट में रह सकता है लेकिन समय के साथ असर कम होता जाता। अगर आप गलती के बाद अगले 12–24 महीनों तक लगातार समय पर भुगतान करते हैं, तो स्कोर काफी हद तक सुधर सकता। मगर बार-बार देरी करना लोन देने वालों के लिए रेड फ्लैग बन जाता है और होम लोन, कार लोन या नई क्रेडिट लिमिट पाने में दिक्कत आती है।
अगर पेमेंट मिस हो गई है, तो तुरंत बकाया चुकाएं और बैंक से बात करें। कई बार पहली गलती होने पर बैंक रिपोर्ट न करने में मदद कर सकता है। आगे के लिए ऑटो-डेबिट सेट करना बेहतर है, ताकि छोटी गलती बड़े नुकसान में न बदले।
(प्रियंका कुमारी)