Logo
election banner
Rinku Singh Bat Video: रिंकू सिंह को विराट कोहली ने बैट गिफ्ट किया। लेकिन, मुंबई इंडियंस के बैटर का उस बल्ले पर दिल आ गया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

नई दिल्ली। रिंकू सिंह को हाल ही में विराट कोहली ने एक बैट गिफ्ट किया था। लेकिन, वो बल्ला रिंकू ने तोड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने कोहली से एक और बैट मांगा था। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। अब रिंकू की वो मुराद भी पूरी हो गई। कोहली ने एक और बैट केकेआर के इस बैटर को गिफ्ट कर दिया। कोहली जब रिंकू को बैट गिफ्ट कर रहे थे, तब रोहित शर्मा के मुंबई इंडियंस के साथी बैटर तिलक वर्मा भी वहीं खड़े थे। उनका भी बैट पर दिल आ गया। इसी दौरान कोहली ने भी रिंकू से मजाक करते हुए कहा कि देखना कहीं तिलक बल्ला लेकर न भाग जाए। ये वीडियो मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है। 

बता दें कि आईपीएल 2024 में शुक्रवार को मुंबई इंडियंस की वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स से टक्कर है। मुंबई के लिए तो ये मैच करो या मरो वाला है। प्लेऑफ की अपनी धुंधली उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए मुंबई को हर हाल में ये मुकाबला जीतना है। दूसरी तरफ, केकेआर पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। अगर इस मैच को कोलकाता जीत लेती है तो प्लेऑफ में उसकी जगह करीब-करीब पक्की हो जाएगी। 

मुंबई-कोलकाता की टक्कर
केकेआर ने 9 में से 6 मैच अबतक जीते हैं और तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा है। ये तीनों हार उसे पिछले 6 मुकाबलों में मिली है। यानी टीम के प्रदर्शन में पिछले कुछ मुकाबलों से निरंतरता का अभाव है। ऐसे में केकेआर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस गलती को दुरुस्त करना होगा। फिलहाल, केकेआर की गेंदबाजी बेहद कमजोर है। 25 करोड़ी मिचेल स्टार्क अपने प्राइज टैग के साथ अबतक इंसाफ नहीं कर पाए हैं। हर्षित राणा के एक मैच के बैन से भी टीम की गेंदबाजी कमजोर होगी। 

मुंबई की प्लेऑफ की राह मुश्किल
मुंबई इंडियंस के लिए तो प्लेऑफ का सफर करीब-करीब खत्म हो गया है। उसे पांच मैच और खेलने हैं। अगर मुंबई सभी मैच जीत भी लेती है तो उसके 16 अंक होंगे। लेकिन, फिर भी टीम टॉप-5 में भी शायद ही जगह बना पाए। ऐसे में अब मुंबई के लिए आईपीएल 2024 साख बचाने की लड़ाई भर है। 

5379487