Logo
election banner
Irfan Pathan on Hardik Pandya Captaincy: पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान एक बार फिर हार्दिक पंड्या पर बरसे हैं। उन्होंने कहा कि पंड्या की कप्तानी पर जो सवाल थे, वो सही थे।

Irfan Pathan on Hardik Pandya Captaincy: हार्दिक पंड्या की कप्तानी में एक बार फिर आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा। कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में 24 रन से मात दी। ये इस सीजन में 11वें मुकाबले में मुंबई की 8वीं हार है। इस हार के बाद पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान एक बार फिर मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या पर बरसे। उन्होंने पंड्या की कप्तानी पर सवाल खड़े किए। पठान ने कहा कि हार्दिक की कप्तानी को लेकर जो सवाल थे, वो बिल्कुल सही थे। 

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो में कहा, "मुंबई इंडियंस की कहानी यहां खत्म। देखिए ये टीम इतनी अच्छी थी पेपर पर लेकिन उसे ठीक से मैनेज नहीं किया गया। हार्दिक पंड्या की कप्तानी पर जो सवाल उठ रहे थे वो सही थे क्योंकि आज जब आपने 57 रन पर केकेआर के 5 विकेट गिरा दिए थे। उसके बाद आपको नमन धीर को लगातार तीन ओवर देने की कोई जरूरत नहीं थी। आपको अपने स्ट्राइक बॉलर को लेकर आना था। अपने छठे गेंदबाज से तीन ओवर डलवा दिए। वहां पर साझेदारी बन गई। मनीष पांडे और वेंकटेश अय्यर ने 83 रन की पार्टनरशिप की।"

मुंबई टीम एकजुट होकर नहीं खेल रही: पठान
पठान ने आगे कहा कि मुंबई इंडियंस में टीम वर्क की कमी दिख रही। उन्होंने कहा, "जहां पर 150 रन पर ऑल आउट कर सकते थे। वहां 170 रन बनवा दिए और वही अंतर रहा। इसलिए कहते हैं कि आज भी क्रिकेट में कप्तानी का बड़ा असर होता है और मैनेज करना बहुत जरूरी है, जो नहीं किया गया। मुंबई इंडियंस एकजुट होकर नहीं खेल रही। ये आगे चलकर मुंबई के लिए सोचने वाला बड़ा पहलू होगा। सबको एक साथ लेना और खिलाड़ी कप्तान की इज्जत करें ये जरूरी होता है।"

5379487